गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने बड़ा इंतजाम किया है। 14 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त कुल 386 गणपति विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इनमें मध्य रेल की 258, पश्चिम रेलवे की 64, कोंकण रेलवे की 58 और दक्षिण मध्य रेलवे की 6 विशेष ट्रेनें शामिल हैं।

मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए 8 सितंबर 2026 से मुंबई और सावंतवाड़ी रोड के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन भी शुरू की है। इसके साथ ही गणपति विशेष ट्रेनों के तहत यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए मुंबई और सावंतवाड़ी रोड के बीच 4 अतिरिक्त अनारक्षित विशेष ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–सावंतवाड़ी रोड–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच चलने वाली 01009 अनारक्षित विशेष ट्रेन 12 सितंबर 2026 और 13 सितंबर 2026 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से 13.45 बजे रवाना होगी और अगले दिन 03.00 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी। इस ट्रेन की 2 सेवाएं होंगी।

वापसी में 01010 अनारक्षित विशेष ट्रेन 13 सितंबर 2026 और 14 सितंबर 2026 को सावंतवाड़ी रोड से 04.05 बजे रवाना होगी और उसी दिन 18.15 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी। इस ट्रेन की भी 2 सेवाएं होंगी।

इन विशेष ट्रेनों का ठहराव दादर, ठाणे, पनवेल, पेण, रोहा, माणगांव, वीर, करंजाडी, खेड, चिपलूण, सावर्डा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, आडावली, विलवडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नांदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल और झाराप स्टेशनों पर होगा।

ट्रेनों में 12 शयनयान श्रेणी, 6 सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा 2 द्वितीय आसन सह गार्ड ब्रेक वैन सहित कुल कोच संरचना रहेगी। अनारक्षित कोचों के लिए सामान्य किराये के साथ टिकटों की बुकिंग UTS प्रणाली के माध्यम से की जा सकती है। यात्री टिकट बुकिंग के लिए RailOne ऐप भी डाउनलोड कर सकते हैं।

विशेष ट्रेनों के सभी ठहरावों के विस्तृत समय की जानकारी के लिए भारतीय रेल की ट्रेन पूछताछ वेबसाइट https://www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाने या NTES ऐप डाउनलोड करने की अपील की गई है।

गणपति उत्सव के दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और सुविधा के प्रभावी प्रबंधन के लिए RPF, GRP और शहर पुलिस के समन्वय से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

मध्य रेल ने यात्रियों से किसी भी अज्ञात अथवा लावारिस बैग, पार्सल या वस्तु को न छूने और न खोलने की अपील की है। प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, फुट ओवर ब्रिज (FOB) तथा प्रतीक्षालयों में सामान लावारिस नहीं छोड़ने को कहा गया है।

यात्रियों से ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से की जा रही घोषणाओं पर ध्यान देने का अनुरोध किया गया है। भीड़भाड़, फुटबोर्ड यात्रा तथा चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से बचने और फुट ओवर ब्रिज तथा एस्केलेटर का सुरक्षित रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई है।

अतिरिक्त ट्रेनों की जानकारी के लिए मध्य रेल के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल, पूछताछ काउंटर तथा NTES से जानकारी प्राप्त करने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर यात्रियों को तुरंत निकटतम RPF/GRP कर्मी या स्टेशन मास्टर को सूचित करने अथवा सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

मध्य रेल ने सभी यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए सभी को सुरक्षित एवं सुखद गणपति उत्सव की शुभकामनाएं दी हैं। यह प्रेस विज्ञप्ति 11 सितंबर 2026 को पीआर क्रमांक 2026/09/17 के तहत डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई द्वारा जारी की गई है।

Tags: