फर्जी दस्तावेजों से बजाज जनरल इंश्योरेंस को ₹10.21 लाख की चपत, चार डॉक्टरों पर केस दर्ज
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के ग्लैक्सी हॉस्पिटल के चार डॉक्टरों पर बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी से फर्जी दस्तावेजों के जरिए 10,21,920 रुपये का इंश्योरेंस क्लेम पास कराने का आरोप है। कंपनी मैनेजर की शिकायत पर पेल्हार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन-03 अंतर्गत पेल्हार पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित ग्लैक्सी हॉस्पिटल के चार डॉक्टरों पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए नामी इंश्योरेंस कंपनी से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है। कंपनी मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व स्थित पेल्हार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में ग्लैक्सी हॉस्पिटल का संचालन डॉ. पूजा खान करती हैं। अस्पताल में डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. रजनीश होशायर और डॉ. इमरान खान भी कार्यरत हैं। आरोप है कि वर्ष 2024 में चारों ने मिलकर एक मरीज का इस्तेमाल करते हुए बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम फर्जी दस्तावेजों के आधार पर इंश्योरेंस तैयार किया।
आरोप है कि इसी फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी से 10,21,920 रुपये का इंश्योरेंस क्लेम पास करा लिया गया। बाद में कंपनी के मैनेजर चेतन नंदू चव्हाण ने इंश्योरेंस के समय कंपनी को उपलब्ध कराए गए सभी दस्तावेजों की जांच की, जिसमें दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके बाद की गई विस्तृत जांच में ग्लैक्सी हॉस्पिटल को दिया गया पूरा इंश्योरेंस फर्जी पाया गया।
मामले की सच्चाई सामने आने के बाद चेतन नंदू चव्हाण ने पेल्हार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पेल्हार पुलिस ने चारों डॉक्टरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 61, 318(4), 336(2), 336(3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।