चेम्बूर में संघीय गरिमा के साथ मना युवाचार्य महावीर कुमार का वर्धापना समारोह, साध्वी निर्वाणश्री ने कही बड़ी बात

मुंबई के चेम्बूर में युवाचार्य महावीर कुमार का वर्धापना समारोह संघीय गरिमा के साथ संपन्न हुआ। साध्वी निर्वाणश्री सहित अनेक वक्ताओं ने व्यक्त किए प्रेरक उद्गार।

Update: 2026-07-28 11:47 GMT

तस्वीर में (बाएं से दाएं) कार्यक्रम के दौरान मंच पर समवेत स्वर में आचार्य वंदना एवं गीत प्रस्तुत करतीं साध्वी लावण्यप्रभा, साध्वी कुंदनयशा, साध्वी निर्वाणश्री, साध्वी मुदितप्रभा, साध्वी मधुरप्रभा और साध्वी योगक्षेमप्रभा दिख रही हैं।

मुंबई के चेम्बूर में महातपस्वी आचार्य महाश्रमण की विदुषी सुशिष्या साध्वी निर्वाणश्री ठाणा 6 के पावन सान्निध्य में नव मनोनीत युवाचार्य महावीर कुमार का वर्धापना समारोह संघीय गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और युवाचार्य महावीर कुमार के व्यक्तित्व एवं संघ के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला गया।


समारोह को संबोधित करते हुए साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि परमपूज्य आचार्य महाश्रमण द्वारा नव मनोनीत युवाचार्य महावीर कुमार धीर, वीर एवं गंभीर व्यक्तित्व के धनी हैं। उनका समर्पण एवं विनय एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुदेव ने योगक्षेम वर्ष में संघ को अनमोल उपहार दिया है।

कार्यक्रम में साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा ने अपने संयोजकीय वक्तव्य में कहा कि पूज्य गुरुदेव ने युवाचार्यप्रवर महावीर कुमार के रूप में अनमोल व्यक्तित्व का चयन किया है। उनकी गुरुभक्ति, संघभक्ति, अध्यात्मनिष्ठा एवं संयम निष्ठा बेजोड़ है। कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी लावण्यप्रभा, साध्वी कुंदनयशा, साध्वी मुदितप्रभा तथा साध्वी मधुरप्रभा द्वारा आचार्य वंदना से किया गया।

वर्धापना समारोह में तेरापंथ सभा से लक्ष्मण कोठारी और दिलीप मेहता, तेयुप से हिमांशु गन्ना एवं निलेश राठौड़, ते.म.मं. से ममता कच्छारा, प्रेक्षा इंटरनेशनल से अशोक तातेड़, मुंबई तेरापंथी सभा से सुरेन्द्र कोठारी एवं रिंकु बाफना तथा घाटकोपर सभा से शांतिलाल कोठारी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने उद्गार व्यक्त किए। इस अवसर पर विधायक सुनील कर्जतकरे एवं संतोष मराठे का सम्मान भी किया गया।

साध्वीवृंद ने समवेत स्वरों में 'मेघ बरसते आज खुशी के' गीत प्रस्तुत कर समारोह का वातावरण भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में चेम्बूर, कुर्ला, घाटकोपर, गोवंडी, विक्रोली, माटुंगा सहित अनेक क्षेत्रों के श्रद्धालु सहभागी बने। चातुर्मासिक चतुर्दशी के उपलक्ष्य में त्याग-प्रत्याख्यान की विशेष प्रेरणा दी गई, जिसके तहत अनेक भाई-बहनों ने छह, अट्ठम् आदि के प्रत्याख्यान किए। कार्यक्रम का संचालन साध्वी योगक्षेमप्रभा ने अत्यंत कुशलतापूर्वक किया। इस आयोजन ने संघीय एकता, गुरुभक्ति और संयम साधना के संदेश को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।

Tags:    

Similar News