₹45 करोड़ में बदलेगा रीगल जंक्शन का रूप, मुंबई को मिलेगा ओपन एयर आर्ट म्यूजियम

रीगल जंक्शन के 45 करोड़ रुपये के पुनर्विकास से बदलेगा दक्षिण मुंबई का स्वरूप, बनेगा ओपन एयर आर्ट म्यूजियम और नया सार्वजनिक प्लाजा।

Update: 2026-07-28 14:22 GMT

मुंबई के दक्षिणी हिस्से में स्थित ऐतिहासिक रीगल जंक्शन की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। बीएमसी ने कोलाबा क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण हिस्से के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 45 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। इस परियोजना का उद्देश्य काला घोड़ा, गेटवे ऑफ इंडिया और रीगल जंक्शन क्षेत्र को पैदल यात्रियों और पर्यटकों के लिए अधिक सुविधाजनक, आकर्षक और सुरक्षित बनाना है।

बीएमसी की योजना के अनुसार, यदि परियोजना तय समय के अनुसार पूरी होती है, तो अगले 36 महीनों में यह पूरा इलाका एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा। पुनर्विकास योजना के तहत सड़कों और ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए जाएंगे।

परियोजना में सड़क डिवाइडर और ट्रैफिक आइलैंड को नया स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए बेसाल्ट और ग्रेनाइट के कोबल स्टोन लगाए जाएंगे। फोर्ट इलाके की ऐतिहासिक धरोहर के अनुरूप हेरिटेज स्ट्रीट लाइटें, आधुनिक सिग्नल और नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के लिए जरूरत के अनुसार पेड़ों का प्रतिरोपण किया जाएगा और नए पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही किगंत मेमोरियल को भी एक नए स्थान पर सम्मानपूर्वक स्थापित करने की योजना बनाई गई है।

इस परियोजना का प्रमुख आकर्षण पुलिस महानिदेशक कार्यालय के सामने बनने वाला लगभग एक एकड़ का सार्वजनिक प्लाजा होगा। इस प्लाजा में मुंबई का पहला ओपन एयर आर्ट म्यूजियम तैयार किया जाएगा।

रीगल जंक्शन के आसपास ट्रैफिक को सुचारु बनाने के लिए 27 ट्रैफिक सिग्नलों की संख्या घटाकर केवल 9 करने की योजना है। इसके अलावा, रीगल से गेटवे ऑफ इंडिया की ओर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी।

बीएमसी के 'A' वार्ड रोड डिपार्टमेंट ने 22 जुलाई को इस टेंडर को जारी किया है और निविदा जमा करने की अंतिम तारीख 17 अगस्त तय की गई है। इस पुनर्विकास योजना से दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या को कम करने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News