मुंबई के कुर्ला में फिनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन उद्यान में युवक-युवती के साथ नाबालिग लड़कों द्वारा की गई मारपीट का मामला अब बीएमसी की राजनीति में भी तूल पकड़ने लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा ने मुंबई में संचालित अनधिकृत मदरसों की जांच कराने और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष राजश्री शिरवाडकर ने कहा कि सबसे पहले यह गहन जांच होनी चाहिए कि मदरसों में किस तरह की शिक्षा दी जा रही है और उनका संचालन अधिकृत रूप से हो रहा है या वे अनधिकृत हैं। उन्होंने मांग की कि जिस तरह बीएमसी हर साल शहर के अधिकृत और अनधिकृत स्कूलों की सूची जारी करती है, उसी तर्ज पर मुंबई के सभी मदरसों की भी वार्षिक सूची तैयार कर सार्वजनिक की जानी चाहिए।

राजश्री शिरवाडकर ने स्पष्ट किया कि जांच में किसी मदरसे का संचालन अनधिकृत पाए जाने पर उसके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार के स्तर पर लगातार पैरवी की जाएगी।

वहीं, बीएमसी के सभागृह नेता एवं भाजपा के गुट नेता गणेश खणकर ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा देना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन मुंबई में यदि कोई ऐसी शिक्षा दे रहा है, जो समाज के लिए घातक साबित हो सकती है, तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खणकर ने उद्यान में नाबालिग लड़कों द्वारा की गई मारपीट को समाज के लिए अत्यंत अनुचित बताते हुए इसे भविष्य का 'टाइम बम' करार दिया। उन्होंने कहा कि अनधिकृत रूप से संचालित ऐसे संस्थानों के खिलाफ यदि कार्रवाई करना बीएमसी के अधिकार क्षेत्र में आता है, तो प्रशासन तत्काल कदम उठाएगा। वहीं, यदि मामला राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है, तो शासन के साथ समन्वय स्थापित कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुंबई में किसी भी प्रकार की समाज या देश विरोधी गतिविधि को पनपने नहीं दिया जाना चाहिए। कुर्ला की मारपीट की घटना के बाद भाजपा की ओर से उठाई गई इस मांग ने शहर में मदरसों के संचालन, उनकी मान्यता और प्रशासनिक निगरानी का मुद्दा बीएमसी की राजनीति के केंद्र में ला दिया है।

Tags: