मुंबई के चेम्बूर स्थित एपेक स्कूल में आयोजित अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के समापन अवसर पर साध्वी निर्वाणश्री, साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा और उपस्थित विद्यार्थी।

मुंबई। चेम्बूर में युगप्रधान आचार्य महाश्रमण की विदुषी सुशिष्या साध्वी निर्वाणश्री ठाणा-6 के पावन सान्निध्य में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का समापन जीवन विज्ञान दिवस के साथ हुआ। अणुव्रत समिति, मुंबई के तत्वावधान में आयोजित सप्ताह के दौरान विविध आयामी कार्यक्रम संपन्न हुए।

अणुव्रत के संबंध में अपने उद्गार व्यक्त करते हुए विदुषी साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि अणुव्रत मानव धर्म की आचार संहिता है। यह नैतिकता, सद्भावना और नशा-मुक्ति के साथ स्वस्थ जीवन निर्माण का संकल्प है। आचार्य तुलसी ने अणुव्रत के माध्यम से भारतभर की पदयात्रा की। आज उसी अणुव्रत के विविध आयाम अहिंसा, नशामुक्ति, पर्यावरण शुद्धि, अनुशासन और जीवन विज्ञान मानव-समाज को सही राह दिखा रहे हैं।

चेम्बूर स्थित एपेक स्कूल में विद्यार्थियों एवं अध्यापकों के मध्य जीवन विज्ञान विषय पर उद्बोधन देते हुए साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा ने कहा कि जीवन विज्ञान स्वस्थ समाज संरचना का संकल्प है। यह गिरते नैतिक स्तर को ऊंचा उठाने का दृढ़ निश्चय है। प्रेम, करुणा, न्याय, सौहार्द, सरलता और परस्परता जैसे जीवनमूल्यों के प्रशिक्षण के माध्यम से जीवन विज्ञान शिक्षा जगत के लिए वरदान है।

कार्यक्रम में आठवीं-नवीं कक्षा के करीब 300 विद्यार्थी, 15 अध्यापक, व्यवस्थापक एवं अणुव्रत समिति के पचासों कार्यकर्ता मौजूद रहे। साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा ने अणुव्रत एवं जीवन विज्ञान पर संवाद-शैली में चर्चा की। इस अवसर पर सभी बच्चों ने स्वेच्छा से अनेक संकल्प भी स्वीकार किए।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल ने साध्वी के प्रति कृतज्ञता प्रकट की और प्रतिवर्ष ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आमंत्रण दिया। साध्वी मधुरप्रभा ने जीवन विज्ञान गीत का संगान किया।

मुंबई अणुव्रत समिति के अध्यक्ष रमेश सोनी, महाराष्ट्र प्रभारी रोशनमेहता, मंत्री गणप सोनी और सुमन चपलोत ने भावाभिव्यक्ति दी। इस अवसर पर अणुविभा के मीडिया सहसंयोजक महावीर बड़ाला, अणुविभा के कंचन सोनी, सभा अध्यक्ष लक्ष्मण कोठारी, मनोहर कच्छारा, सुरेश मेहता, राजेश चौधरी, देवेन्द्र लोढ़ा, राकेश बोहरा, सुशील हिरण, विनोद मेहता, मूलचंद लोढ़ा, भगवती धाकड़, महिला मंत्री पायल मांडोत, अंजू कोठारी, ललिता सोनी, सुरेश धाकड़, सुभाष चंडालिया, पुखराज गेलडा, मधु सोनी, पूजा सिंयाल, एपेक स्कूल के प्राचार्य, अध्यापकवर्ग एवं व्यवस्थापक आदि उपस्थित थे।

जीवन विज्ञान दिवस के आयोजन के साथ अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का समापन हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन रमेश धोका ने किया।

Tags: