नाशिक के राष्ट्रभक्ति वाहतूक बेट पर क्रेन से मिग-21 लड़ाकू विमान स्थापित करते कर्मचारी दिख रहे हैं।   

महाराष्ट्र के नाशिक शहर में भारतीय सैन्य शौर्य और पराक्रम को समर्पित एक विशेष स्मारक का स्वरूप अब और भव्य होने जा रहा है। लेखानगर (प्रभाग क्रमांक 24) स्थित ‘राष्ट्रभक्ति वाहतूक बेट’ पर भारतीय वायुसेना के दो मिग-21 लड़ाकू विमान पहुंचाए गए हैं। क्रेन की सहायता से इन विमानों को यातायात द्वीप पर स्थापित किया गया है। इससे पहले यहां 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला ऐतिहासिक T-55 टैंक स्थापित किया जा चुका है।

अब T-55 टैंक के साथ दो मिग-21 लड़ाकू विमानों की स्थापना से यह स्थान भारतीय सैन्य बलों के शौर्य और पराक्रम के प्रतीक के रूप में विकसित होगा। यहां नागरिकों को भारतीय रक्षा बलों की ताकत और उनके गौरवशाली इतिहास को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

इस अभिनव पहल की परिकल्पना शिवसेना महानगर प्रमुख तथा नगरसेवक प्रविण (बंटी) तिदमे ने की है। देश की रक्षा के लिए भारतीय सेना द्वारा प्रदर्शित शौर्य, पराक्रम और दिए गए बलिदान को नमन करने के उद्देश्य से इस राष्ट्रभक्ति वाहतूक बेट का निर्माण किया जा रहा है।

विशेष रूप से 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले T-55 टैंक के साथ अब ऐतिहासिक मिग-21 लड़ाकू विमानों को भी यहां प्रदर्शित किया जाएगा। इससे नाशिक के नागरिकों को भारतीय रक्षा बलों की सामरिक क्षमता और गौरवशाली इतिहास की झलक एक ही स्थान पर देखने को मिलेगी।

इस पहल से नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ ही भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान की जानकारी पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। यह परियोजना नाशिक शहर के गौरव में एक नई उपलब्धि जोड़ने के साथ ही शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होने की उम्मीद है।

राष्ट्रभक्ति वाहतूक बेट का भव्य लोकार्पण समारोह जल्द ही आयोजित किया जाएगा। इस समारोह को लेकर नाशिक के नागरिकों की नजरें टिकी हुई हैं।

Tags: