तटीय सड़क और फ्लाईओवर मुंबई के कोस्टल रोड हेलीपैड परियोजना के संदर्भ में हैं।

मुंबई के कोस्टल रोड पर स्थित वर्ली जेट्टी अब आधुनिक हेलीपैड के रूप में विकसित होगी। धर्मवीर स्वराज्यरक्षक छत्रपती संभाजी महाराज मुंबई कोस्टल रोड पर स्थित इस जेट्टी का विकास सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत किया जाएगा। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की स्थायी समिति ने इस परियोजना के लिए रेमंड लिमिटेड की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

कोस्टल रोड परियोजना के निर्माण के दौरान निर्माण सामग्री की ढुलाई के लिए वर्ली डेयरी के सामने अस्थायी जेट्टी बनाई गई थी। अब इसी जेट्टी को स्थायी और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से लाइसेंस प्राप्त हेलीपैड में परिवर्तित किया जाएगा। इसके विकास, निर्माण, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी रेमंड लिमिटेड को सौंपी गई है।

समझौते की शर्तों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और टेक-ऑफ की संख्या पर किसी तरह की सीमा निर्धारित किए बिना रेमंड लिमिटेड को बीएमसी को हर महीने 1 लाख रुपये की निश्चित राशि देनी होगी। इसके अलावा, व्यावसायिक हेलीकॉप्टर उड़ानों से होने वाले मासिक राजस्व का 50 प्रतिशत हिस्सा या 4 लाख रुपये, दोनों में से जो भी राशि अधिक होगी, महानगरपालिका के खजाने में जमा करानी होगी।

आईआईटी और पवन हंस के तकनीकी निष्कर्षों के आधार पर जेट्टी को 'जैसा है वैसा' (As Is Where Is) की शर्त पर विकसित करने के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित की गई थी। इस प्रक्रिया में रेमंड लिमिटेड का चयन किया गया। कंपनी हेलीपैड के विकास, निर्माण, संचालन और रखरखाव के साथ-साथ लाइसेंस प्राप्त करने के लिए जरूरी वास्तुशिल्प बदलावों पर होने वाला पूरा खर्च स्वयं वहन करेगी।

प्रस्तावित हेलीपैड का उपयोग चिकित्सा सेवाओं, आपातकालीन निकासी, तटीय निगरानी और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए किया जाएगा। इसके अलावा वीवीआईपी उड़ानों और सरकारी संस्थाओं के हितों से जुड़े कार्यों में भी इसका इस्तेमाल होगा।

इस परियोजना के जरिए वर्ली जेट्टी को स्थायी हवाई सुविधा के रूप में विकसित करने के साथ बीएमसी के लिए नियमित निश्चित आय और व्यावसायिक हेलीकॉप्टर उड़ानों से अतिरिक्त राजस्व का रास्ता भी खुलेगा।

Tags: