तस्वीर में कटनी-दमोह स्टेट हाईवे के चीलघाट पुल के पास उफनती नदी में पलटे हुए ट्रक के पास बचाव कार्य करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं।

कटनी-दमोह स्टेट हाईवे पर कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट पुल पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। सीमेंट से लदा 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे उफनती नदी में जा गिरा। नदी में गिरने के बाद ट्रक उल्टा हो गया। हादसे के बाद ट्रक में दो लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह स्थानीय लोगों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। नदी में पानी अधिक होने के कारण अभी तक किसी का पता नहीं चल सका है। हादसे की सूचना के बाद दमोह से करीब 12 जवानों की SDRF टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई।

ट्रक को नदी से निकालने और सीधा करने के लिए क्रेन बुलाई जा रही है। ट्रक हटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसके अंदर कितने लोग थे। फिलहाल उफनती नदी के बीच SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।

Tags: