कोटा में शांति धारीवाल के जन्मदिवस पर 2100 स्वास्तिक दीपों से जगमगाया प्रांगण, चंबल मैया की महाआरती
पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए कोटा में महामृत्युंजय जाप, दीपदान और चंबल मैया की महाआरती का आयोजन हुआ।
कोटा के नयापुरा प्रांगण में पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के जन्मदिन पर जल रहे 2100 दीप और हो रही महाआरती दिख रही है।
कोटा में पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल के जन्मदिवस पर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। श्री कर्मयोगी सेवा संस्थान और आदर्श होली संस्था के संयुक्त तत्वावधान में 29 अक्टूबर को नयापुरा स्थित आदर्श होली संस्था प्रांगण में महामृत्युंजय जाप, 2100 चौमुखी स्वास्तिक दीपों के प्रज्वलन और चंबल मैया की महाआरती के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वैदिक मंत्रोच्चार से प्रांगण भक्तिमय हो उठा।
कर्मयोगी सेवा संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष राजाराम जैन 'कर्मयोगी' ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ लोक कलाकारों की राजस्थानी लोक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इसके बाद पूर्व पार्षद धन्ना बुआ जी ने प्रथम दीप प्रज्वलित कर दीप अनुष्ठान की शुरुआत की। इस अवसर पर पूर्व महापौर डॉ. रत्ना जैन, पूर्व महापौर मंजू मेहरा, अभिमन्यु सुराणा, पूर्व पार्षद नंदकिशोर शर्मा, अनूप कुमार अनु, अब्दुल कलीम मंटू, पार्षद अमरनाथ शर्मा, मंगल तमोली, समाजसेवी प्रेम भाटिया और अरुण भार्गव सहित उपस्थित जनसमुदाय ने दीप प्रज्वलित कर शांति धारीवाल के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में आशीर्वाद देने पहुंचे पूर्व मंत्री शांति कुमार धारीवाल और अन्य अतिथियों का आयोजक राजाराम जैन कर्मयोगी, राकेश शर्मा राकू, अनिल कुमार शर्मा, महावीर जैन, विष्णु मेवाड़ा, अजय साहू, मोहम्मद अकरम, राधेश्याम लोधा, पुरुषोत्तम शर्मा, सुरेंद्र बेरवा, अविनाश मीणा, सुमित गुर्जर, बिहारी लाल बेरवा, दशरथ कुमार, कमालुद्दीन अंसारी और पवन शर्मा ने माल्यार्पण कर भावभीना स्वागत किया।
इसके बाद हरिद्वार और काशी की वैदिक परंपरा के अनुसार चंबल मैया की महाआरती आयोजित की गई। प्रकांड पंडित प्रदीप शर्मा और उनके पांच विद्वान पंडितों के दल ने वैदिक मंत्रोच्चार, विधिवत पूजन और महामृत्युंजय महामंत्र के जाप के बीच महाआरती संपन्न कराई। इस दौरान 2100 दीपकों की रोशनी और मंत्रोच्चार से पूरा प्रांगण भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
आदर्श होली संस्था के अध्यक्ष राकेश शर्मा 'राकू' ने कहा कि पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने कोटा के चहुंमुखी विकास और 'चंबल रिवर फ्रंट' जैसे ऐतिहासिक निर्माण कार्यों के माध्यम से शहर को अंतरराष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रिय नेता के दीर्घायु जीवन और जनसेवा के संकल्प को मजबूती देने के उद्देश्य से दीपदान और महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और धर्मप्रेमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।