कोटा के मंगलेश्वरी मठ में दंडी स्वामी कालिकानंद महाराज को श्रद्धांजलि, हरि नाम कीर्तन में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु
कोटा के रंगबाड़ी रोड स्थित मंगलेश्वरी मठ में दंडी स्वामी कालिकानंद जी सरस्वती महाराज (स्वामी प्यारेनंद जी) के देवलोक गमन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। हरि नाम कीर्तन, पुष्पांजलि और दो मिनट के मौन के साथ संतों व श्रद्धालुओं ने उन्हें याद किया।
कोटा के मंगलेश्वरी मठ में पंचखंड द्वादश पीठाधीश्वर स्वामी कालिकानंद जी महाराज के देवलोक गमन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान उन्हें नमन किया गया।
कोटा। पंचखंड द्वादश पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित परम पूज्य दंडी स्वामी कालिकानंद जी सरस्वती महाराज (स्वामी प्यारेनंद जी) के देवलोक गमन के बाद भक्तों में शोक की लहर है। इसी क्रम में रंगबाड़ी रोड स्थित मंगलेश्वरी मठ में पूज्य महाराज श्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विशेष सभा आयोजित की गई। विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया), ईश्वरचंद शर्मा और ज्ञानचंद शर्मा के सानिध्य में आयोजित इस सभा में संत समाज और श्रद्धालुओं ने महाराज श्री को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मंगलेश्वरी मठ के प्रांगण में आयोजित हरि नाम कीर्तन में संतों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। संकीर्तन के दौरान पूरा परिसर 'ॐ नमो नारायण' और हरि नाम के जयकारों से गूंज उठा। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से कीर्तन कर दिवंगत संत को स्मरण किया।
कीर्तन के पश्चात पूज्य महाराज श्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित भक्तों ने उनके जीवन, ज्ञान और आध्यात्मिक योगदान को याद किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि दंडी स्वामी कालिकानंद जी महाराज का संपूर्ण जीवन तप, साधना, सहजता और सनातन धर्म की सेवा को समर्पित था। उनका महाप्रयाण आध्यात्मिक जगत और समस्त गुरुभक्तों के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस अवसर पर भक्तों ने महाराज श्री के स्नेह, आशीर्वाद और दिव्य व्यक्तित्व का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी आध्यात्मिक चेतना और विचार अनंत काल तक समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। श्रद्धांजलि सभा के अंत में दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में परम शांति प्रदान करने की प्रार्थना के साथ दो मिनट का मौन रखा गया।
सभा में महंत जगदीशआनंद महाराज, इंद्रगढ़ बिजासन महंत राजू महाराज, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौत्तम, विप्र प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण मुरारी चतुवेर्दी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरिओम गौत्तम, संगठन महामंत्री हरिसूदन शर्मा, महिला अध्यक्ष श्रीमती शशि शर्मा, रवि मांगरोल, महाराजा जयेन्द्र सिंह, राजेश दाधीच, वैभव दाधीच, पुनीत दाधीच, उमेश जोशी, श्याम मनोहर गौत्तम, कपिलदेव शर्मा बारां, दुष्यंत शर्मा पूंसरा, तेजेश शर्मा, निशत ठाकर, आलोक शर्मा, रमेश गौत्तम, विजय भरद्वाज, रमेश चंद्र गौतम, डॉ. कैलाश गौत्तम, डॉ. आर एस व्यास, सत्यप्रकाश भारद्वाज, विपिन त्यागी, अशोक सिंह, डॉ. मुकेश दाधीच, लोकेश दाधीच और भजन गायक अभिषेक शर्मा सहित कई गुरु अनुयायी उपस्थित रहे।