कोटा में 8 अगस्त से सतरंगी एग्जीबिशन, महिला उद्यमियों को मिलेगा बड़ा मंच

कोटा में 8-9 अगस्त को सतरंगी एग्जीबिशन का आयोजन, 100 से अधिक स्टॉलों में महिला उद्यमियों के उत्पादों को मिलेगा मंच।

Update: 2026-08-04 11:09 GMT

तस्वीर में बाएं से दाएं: कवलीन मालवीया, एक अन्य महिला, समाजसेवी राजेश बिरला, वरूति वर्मा, दिव्या शर्मा और विनीता त्रिपाठी कोटा में सतरंगी एग्जीबिशन के पोस्टर का विमोचन करते हुए नजर आ रहे हैं।

कोटा में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय सतरंगी एग्जीबिशन का आयोजन किया जाएगा। यह एग्जीबिशन 8 और 9 अगस्त को झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित होगी, जिसमें महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

सतरंगी एग्जीबिशन की ऑर्गेनाइजर कवलीन मालवीया, वरूति वर्मा और दिव्या शर्मा ने बताया कि एग्जीबिशन के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को समाजसेवी राजेश बिरला द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 8 अगस्त को दोपहर 1 बजे समाजसेवी एवं अध्यक्ष, नागरिक सहकारी बैंक, कोटा राजेश बिरला द्वारा किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि सतरंगी एग्जीबिशन का उद्देश्य महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के प्रदर्शन के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करना है। एग्जीबिशन में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें अधिकांश स्टॉल महिला उद्यमियों द्वारा संचालित किए जाएंगे।

कवलीन मालविया ने बताया कि इस एग्जीबिशन में कोटा संभाग के अलावा राजस्थान के विभिन्न जिलों से महिलाएं भाग लेंगी। इसके साथ ही राजस्थान के बाहर अहमदाबाद, दिल्ली और गुडगांव से भी महिला उद्यमी अपनी भागीदारी करेंगी।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान कवलीन मालवीया, दिव्या अग्रवाल, विनीता त्रिपाठी और श्वेता मित्तल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सतरंगी एग्जीबिशन महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और व्यवसायिक अवसरों के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगी।

Tags:    

Similar News