राउंड टेबल इंडिया शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के जरिए सामाजिक विकास में योगदान दे रहा है। संगठन सरकारी विद्यालयों में कक्षाओं के निर्माण से लेकर अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तक कई परियोजनाओं पर काम कर रहा है। वेंटिलेटर, ऑक्सीजन लाइन सिस्टम, एंबुलेंस और अस्पताल बेड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर संगठन स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ाने में जुटा है।

जुलाई 2021 तक प्रोजेक्ट हील के अंतर्गत 55 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 20 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी थीं। संगठन के अनुसार, अभियान की शुरुआत से अब तक 120 प्रमुख हस्तक्षेप किए जा चुके हैं। राजस्थान में भी इस परियोजना के माध्यम से जोधपुर और बीकानेर की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया गया है। जोधपुर में 12 बेड वाले प्रसवोत्तर देखभाल वार्ड का नवीनीकरण इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य है।

राजस्थान में राउंड टेबल इंडिया एरिया 12 के माध्यम से संगठन अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा है। इसके अंतर्गत जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ सहित आठ शहरों के 371 सदस्य सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय हैं।

राजस्थान में संगठन की प्रमुख गतिविधियों में सरकारी विद्यालयों में कक्षाओं का निर्माण, आरटीआई किचन के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना और बच्चों के कौशल विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन शामिल है। कोटा में भी संगठन शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार करने के साथ जरूरतमंद समुदायों तक सहायता पहुंचाने के प्रयासों के माध्यम से संगठन स्थानीय स्तर पर सामाजिक बदलाव की दिशा में काम कर रहा है।

राउंड टेबल इंडिया की कार्यशैली में सेवा के साथ जवाबदेही को भी प्राथमिकता दी जाती है। संगठन के सदस्य केवल धन जुटाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि परियोजनाओं की योजना बनाने, उन्हें क्रियान्वित करने और उनकी निगरानी करने में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित संस्थान को सुविधाएं सौंप दी जाती हैं, ताकि उनका लंबे समय तक समुदाय के हित में उपयोग किया जा सके।

संगठन की सदस्यता के लिए 40 वर्ष की आयु सीमा भी इसकी कार्यप्रणाली की विशेषता है। एक पीढ़ी के सदस्य अपनी सेवा यात्रा पूरी करते हैं तो दूसरी पीढ़ी उसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ जिम्मेदारी संभालती है। इससे सामाजिक सेवा का सिलसिला लगातार आगे बढ़ता रहता है।

कोटा के विद्यालयों से लेकर जोधपुर के अस्पतालों के मातृत्व वार्ड तक राउंड टेबल इंडिया की गतिविधियां शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सामाजिक भागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। केवल वर्ष 2025-26 में संगठन की ओर से 628 नई कक्षाओं का निर्माण किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

राउंड टेबल इंडिया के लिए यह अभियान केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। संगठन की कार्यप्रणाली में मित्रता को सेवा का माध्यम बनाया गया है और युवा सदस्य सामाजिक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रत्येक नई कक्षा बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

संगठन का 'Still Building' नारा उसकी निरंतर निर्माण, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाता है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित परियोजनाओं के माध्यम से राउंड टेबल इंडिया सरकारी संस्थानों की सुविधाओं को मजबूत करने और जरूरतमंद समुदायों तक सहायता पहुंचाने का काम कर रहा है।

Tags: