कोटा के श्री पुण्योदय अतिशय क्षेत्र में मुनि श्री योगसागर जी महाराज को आहारदान देते श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।

कोटा। निरतिचार धर्मपालन से जीवन में पुण्य, ऐश्वर्य, आनंद और संपन्नता की प्राप्ति होती है। व्रत, नियम और संयम के माध्यम से राग-द्वेष का क्षय होता है तथा आत्मा मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर होती है। यह बात कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के अवसर पर मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को परम पूज्य ज्येष्ठ-श्रेष्ठ निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज ने श्री पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी, दादाबाड़ी में धर्मसभा को संबोधित करते हुए कही। मुनि श्री ने रत्नकरण्ड श्रावकाचार के श्लोक क्रमांक 136 से 138 की व्याख्या करते हुए निरतिचार धर्मपालन का महत्व समझाया और बारह श्रावक प्रतिमाओं के माध्यम से श्रावक के क्रमिक आध्यात्मिक विकास की जानकारी दी।

पुण्य के फल की आसक्ति का त्याग भी आवश्यक

मुनि श्री योगसागर जी महाराज ने कहा कि जैन दर्शन में पुण्य को त्याज्य नहीं बताया गया है, बल्कि पुण्य के फल के प्रति आसक्ति छोड़ने की प्रेरणा दी गई है। जिस प्रकार संसार-सागर को पार करने के बाद नाव का त्याग कर दिया जाता है, उसी प्रकार मोक्षमार्ग पर आगे बढ़ने के लिए पुण्य के फल की आसक्ति से भी मुक्त होना आवश्यक है।

इस संदर्भ में उन्होंने "पुण्यफला: अरिहंता:" का उल्लेख करते हुए बताया कि पुण्य का फल अरिहंत जैसी उत्तम अवस्था की प्राप्ति का कारण बनता है। यही धर्म की महिमा है। उन्होंने कहा कि पूर्व जन्मों के संस्कारों के कारण ही जीव में व्रत, नियम, संयम और पुण्य कार्यों को अपनाने के भाव उत्पन्न होते हैं। निरतिचार धर्मपालन से जीवन में अनेक प्रकार की संपदाएं सहज रूप से प्राप्त होती हैं।

मुनि श्री ने श्रावक की बारह प्रतिमाओं का उल्लेख करते हुए दर्शन, व्रत, सामायिक, प्रोषधोपवास, सचित्त त्याग, रात्रि भोजन त्याग, ब्रह्मचर्य, आरंभ त्याग, परिग्रह त्याग एवं अनुमति त्याग आदि के माध्यम से श्रावक के क्रमिक आध्यात्मिक विकास को समझाया। उन्होंने कहा कि त्याग के भाव भी पूर्वजन्मों में किए गए त्याग और संस्कारों का परिणाम होते हैं।

दर्शन प्रतिमा के लिए सम्यग्दर्शन और आठ अंगों का पालन जरूरी

रत्नकरण्ड श्रावकाचार के श्लोक क्रमांक 137 की व्याख्या करते हुए मुनि श्री ने दर्शन प्रतिमा का स्वरूप स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जो श्रावक सम्यग्दर्शन के माध्यम से पंच परमेष्ठियों के चरणों की शरण प्राप्त करता है और तत्त्वज्ञान की ओर आकर्षित रहता है, वही दर्शन प्रतिमा का अधिकारी होता है। ऐसा श्रावक सम्यक दृष्टि के अनुरूप जीवन जीता है तथा शंका, आकांक्षा और विचिकित्सा आदि दोषों से रहित रहते हुए सम्यग्दर्शन के आठ अंगों का पालन करता है।

उन्होंने कहा कि मद्य, मधु और मांस आदि का त्याग करने के साथ सम्यग्दर्शन की भावनाओं को जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। दर्शन प्रतिमा श्रावक के आध्यात्मिक जीवन की महत्वपूर्ण अवस्था है, जो उसे सम्यक श्रद्धा और सही दृष्टिकोण के साथ धर्ममार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

व्रत प्रतिमा में पांच अणुव्रत और सात शीलव्रतों का महत्व

श्लोक क्रमांक 138 की व्याख्या करते हुए मुनि श्री ने व्रत प्रतिमा के लक्षण बताए। उन्होंने कहा कि जो श्रावक मिथ्यात्व एवं अनैतिक भावों से निवृत्त होकर पांच अणुव्रत और सात शीलव्रतों का विधिपूर्वक पालन करता है, वही व्रती श्रावक कहलाता है।

उन्होंने बताया कि श्रावक के व्रत जीवन में दिग्व्रत, अनर्थदंड-व्रत और भोगोपभोग परिमाण-व्रत के साथ देशावकाशिक, सामायिक, प्रोषधोपवास और वैयावृत्त्य आदि शिक्षाव्रतों का विशेष महत्व है। इन व्रतों के माध्यम से श्रावक अपने आचरण को क्रमशः शुद्ध करता हुआ आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ता है।

मुनि श्री ने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि व्रत, संयम, त्याग और आत्मशुद्धि को व्यवहार में उतारना ही धर्म की वास्तविक साधना है। जीवन में बिना किसी अतिचार के धर्म का पालन करने से पुण्य की वृद्धि होती है और आत्मा मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर होती है।

धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने किया पुण्यार्जन

श्री पुण्योदय अतिशय क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता कर पुण्यार्जन किया। प्रशासनिक मंत्री श्रीमती अर्चना जैन सर्राफ ने बताया कि श्रावक श्रेष्ठी सम्मान, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं शास्त्र भेंट का पुण्यलाभ परिवार ने प्राप्त किया। कलश स्थापना का पुण्यलाभ परिवार ने प्राप्त किया। शास्त्र भेंट का पुण्यलाभ कमलेश संदीप गोयल परिवार एवं अजित निधि RK PURAM ने किया।

श्री सुमित सेंकी एवं श्री मनोज बगड़ा ने बताया कि शांतिधारा का पुण्यार्जन श्रीमती सुशीला बाई, प्रभा एवं संतोष ठोरा परिवार (संधारा वाले) तथा श्री राजेंद्र, हुकम काका प्रकाश हरसोरा परिवार ने प्राप्त किया। भक्तामर विधान में पुण्योदय मंडल ने भक्तिभावपूर्वक सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।

श्री सुनील माडिया के अनुसार, मुनि श्री योगसागर जी महाराज के आहारदान का पुण्यलाभ श्री दीपचंद जी धनोप्या (इंद्रगढ़), श्री ऋषभ जी, श्री मनीष जी एवं मोहिवाल परिवार ने प्राप्त किया। वहीं, मुनि श्री प्रणवसागर जी महाराज के आहारदान का सौभाग्य रतन बाई जी, जम्बू, अर्चना, रानी, अभिमन्यु, दीपांशी, दिव्यांश, मुस्कान एवं समस्त दुगेरिया परिवार को प्राप्त हुआ।

धर्मसभा के समापन पर श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री की पूजन-अर्चना कर अर्घ्य समर्पित किए। इसके बाद जिनवाणी वंदना के माध्यम से धर्मलाभ अर्जित किया। धर्मसभा में मुनि श्री योगसागर जी महाराज ने दर्शन एवं व्रत प्रतिमा के लक्षणों की व्याख्या के साथ निरतिचार धर्मपालन, संयम और त्याग को श्रावक के आध्यात्मिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।

Tags: