कोटा में स्काउट गाइड स्थापना दिवस के अवसर पर विधायक संदीप शर्मा के साथ स्काउट दल खड़ा है।

कोटा में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण की ओर से स्काउट गाइड स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर खुशियां साझा की गईं तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और श्रमदान जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और स्वच्छता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आवासन मंडल केशवपुरा कोटा में किया गया। स्थानीय संघ सचिव प्रकाश जायसवाल ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न रचनात्मक एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर हुई। इसके बाद स्काउट गाइड के विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी ज्ञान क्षमता का परिचय दिया।

इस दौरान प्रवीण शर्मा, अंतिमा मेहरा, नीलम पारेता, भारती महावर, पूजा महावर, सोमिया बंसल, धरणी कुमारी और पायल प्रजापति सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के तहत स्काउट गाइड एवं यूनिट लीडर्स ने श्रमदान कर विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके माध्यम से स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया गया। वहीं, स्काउट गाइड दल ने कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा से मुलाकात कर उन्हें स्थापना दिवस की जानकारी दी और बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विधायक संदीप शर्मा ने सभी स्काउट गाइड, यूनिट लीडर्स एवं बुलबुल को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने स्काउटिंग गतिविधियों की सराहना करते हुए सभी को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया। साथ ही समाज सेवा, अनुशासन, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया।

स्थानीय संघ सचिव प्रकाश जायसवाल ने कहा कि स्काउट गाइड संगठन विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्थापना दिवस पर आयोजित विभिन्न गतिविधियों का उद्देश्य भी विद्यार्थियों में इन मूल्यों को मजबूत करना है।

Tags: