कोटा में महावीर निर्वाण महोत्सव पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, दीपोत्सव में सजे भक्ति के रंग
तलवंडी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में दीपावली पर हुए धार्मिक अनुष्ठान, संगीतमय महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम।
कोटा के जैन मंदिर में आयोजित स्नेह मिलन समारोह के दौरान मौजूद समाजबंधु नजर आ रहे हैं।
कोटा। तलवंडी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में देवाधिदेव 1008 श्री महावीर भगवान का निर्वाण कल्याणक महोत्सव एवं दीपोत्सव स्नेह मिलन समारोह-2026 श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। दीपावली के अवसर पर हुए धार्मिक अनुष्ठानों में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभिषेक, शांतिधारा, निर्वाण लाडू समर्पण और संगीतमय महाआरती के आयोजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भगवान महावीर के जयकारों और दीपों की जगमगाहट के बीच श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
महामंत्री प्रकाश सामरिया ने बताया कि समारोह की शुरुआत प्रातः मंगलाष्टक एवं अभिषेक पाठ के साथ हुई। मूलनायक वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर के प्रथम अभिषेक एवं मुख्य शांतिधारा का पुण्यार्जन अजय, उपेंद्र एवं आशीष जैन अजमेर वाला परिवार ने प्राप्त किया। वहीं, द्वितीय अभिषेक एवं शांतिधारा का सौभाग्य मनोज, राजीव एवं पंकज सेठी परिवार को मिला। इसके बाद समाज के श्रेष्ठियों ने सामूहिक अभिषेक किया। धर्मशाला प्रांगण में वृहद शांतिधारा के साथ सभी श्रीजी का अभिषेक संपन्न हुआ। धार्मिक क्रियाओं के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर की आराधना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।
अध्यक्ष अशोक पहाड़िया ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों की अगली कड़ी में भगवान महावीर की सामूहिक संगीतमय पूजन आयोजित की गई। निर्वाण कल्याणक के प्रतीक निर्वाण लाडू समर्पण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पुण्यार्जन किया। मंदिर परिसर में निर्वाण लाडू समर्पित करने का पुण्य विनोद कुमार एवं कमल कुमार पहाड़िया परिवार ने प्राप्त किया। वहीं, मंदिर जी सभागार में निर्वाण लाडू समर्पण का सौभाग्य अशोक एवं सुनीता पाटनी परिवार, मिश्रोली वालों को मिला। समाजबंधुओं ने सभी पुण्यार्जक परिवारों के सातिशय पुण्य की अनुमोदना करते हुए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
संध्याकाल में श्रीजी की संगीतमय महाआरती आयोजित की गई। दीपावली के अवसर पर श्रद्धालु अपने साथ सजाकर दीपक लेकर पहुंचे, जिनसे मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा उठा। दीपों की जगमगाहट और भक्तिमय वातावरण ने महोत्सव को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
समारोह में विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसूया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, पार्षद गोपाल राम मंडा, शोभा आहलूवालिया एवं सुनीता सेन, पूर्व पार्षद योगेश राणा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश मडिया सहित जनप्रतिनिधियों और समाज के गणमान्यजनों की गरिमामय उपस्थिति रही। सकल समाज की ओर से राजमल पाटोदी, विमल जैन नांता, अध्यक्ष प्रकाश बज, महामंत्री पदम बड़ला, कार्याध्यक्ष जे.के. जैन, मनोज जैसवाल, ताराचंद बड़ला एवं राकेश पाटोदी सहित समाजबंधुओं ने सहभागिता निभाई।
दीपावली स्नेह मिलन समारोह के अंतर्गत ‘सुर संगम’ खुले मंच का आयोजन भी किया गया। मंच संचालन कर रहे राजकुमार लुहाड़िया ने बताया कि समाज के प्रतिभागियों ने भजन, गायन एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भक्तिमय भजनों और संगीत की मधुर स्वर लहरियों ने उपस्थित लोगों को आनंदित किया। प्रस्तुतियों ने समाजबंधुओं का मन मोह लिया। खुले मंच के माध्यम से समाजजनों को अपनी सांस्कृतिक एवं संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजन के दौरान परस्पर स्नेह, सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का भाव भी देखने को मिला।
कार्यक्रम के संयोजक अनिल जैन डाबी वाले रहे। मंच संचालन राजकुमार लुहाड़िया एवं रेणु ने किया। आयोजन में श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर समिति तलवंडी के अध्यक्ष अशोक पहाड़िया, महामंत्री प्रकाश सामरिया, मनोज पाटनी, रविंद्र लुहाड़िया, महावीर जी शाह, राजेश बरमुंडा, अनिल जैन डाबी, अनिला झांझरी एवं सुनीता सामरिया सहित समिति के सदस्यों का सहयोग रहा। धार्मिक अनुष्ठानों, निर्वाण लाडू समर्पण, संगीतमय महाआरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महोत्सव में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द की सामूहिक सहभागिता देखने को मिली।