चुनाव आयोग के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, मोदी का पुतला फूंका और निकाली शवयात्रा
राहुल और प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी के खिलाफ एनएसयूआई ने कोटा में काला दिवस मनाया और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
राजकीय महाविद्यालय कोटा के बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सांकेतिक शवयात्रा निकालते और नारेबाजी करते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ता।
कोटा में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ कथित लाठीचार्ज और बदसलूकी के विरोध में एनएसयूआई ने गुरुवार को ‘काला दिवस’ मनाया। एनएसयूआई कोटा शहर एवं देहात के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय के बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सांकेतिक शवयात्रा निकाली गई और पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘मोदी-शाह की तानाशाही नहीं चलेगी’, ‘एनएसयूआई जिंदाबाद’ और ‘नरेंद्र मोदी वोट चोर है’ जैसे नारे लगाए।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के निर्देशन में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व कोटा शहर जिलाध्यक्ष मोहित वाल्मीकि एवं कोटा देहात जिलाध्यक्ष रिद्धम शर्मा ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।
देहात जिलाध्यक्ष रिद्धम शर्मा ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस मामले में माफी नहीं मांगते हैं तो एनएसयूआई देशभर में आंदोलन करेगी। वहीं, शहर जिलाध्यक्ष मोहित वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा को लेकर एनएसयूआई अपना विरोध जारी रखेगी।
दोपहर करीब एक बजे राजकीय महाविद्यालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की जांच, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग दोहराई।
प्रदर्शन में लोकेंद्र कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष रोहित मेघवाल, दिव्यांश सोनी, अफजल, अर्जुन, प्रिंस वैष्णव, रवि मीणा, हर्ष मीणा, धनंजय सिंह, रेहान खान, हर्ष गौतम सहित अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।