अकलंक कॉलेज कोटा में सत्र 2026-27 के लिए गठित रत्न मंडल के चयनित विद्यार्थियों और पदाधिकारियों के साथ एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष जैन और सचिव अनिमेष जैन।

कोटा। अकलंक कॉलेज में सत्र 2026–27 के लिए रत्न मंडल का गठन किया गया। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना और महाविद्यालय के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से गठित रत्न मंडल में नौ विद्यार्थियों का चयन किया गया।

रत्न मंडल के गठन की प्रक्रिया के तहत महाविद्यालय की प्रत्येक कक्षा के मेंटोर ने दो-दो विद्यार्थियों के नाम प्रस्तावित किए। चयन समिति ने नामांकित विद्यार्थियों का साक्षात्कार लेने के साथ उनके शैक्षणिक प्रदर्शन, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यवहार और समग्र व्यक्तित्व का मूल्यांकन किया। इसके बाद नौ विद्यार्थियों को रत्न मंडल के लिए चयनित किया गया।

चयनित सदस्यों में नूरीन खान, नंदिनी शर्मा, अभिषेक त्रिपाठी, विजय राज सिंह, नूपुर जांगिड़, अनुराग हलधर, अर्जुन सिंह, अक्षी पंचौली एवं मानवी गिरी शामिल हैं।

इस अवसर पर अकलंक विद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष जैन एवं सचिव अनिमेष जैन ने चयनित सदस्यों को बैज प्रदान किए। साथ ही उन्हें महाविद्यालय के प्रति निष्ठा, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

अध्यक्ष पीयूष जैन एवं सचिव अनिमेष जैन ने कहा कि रत्न मंडल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा के मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों से महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए अपने साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार शर्मा ने नवगठित रत्न मंडल के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने रत्न मंडल के सदस्यों से अनुशासन बनाए रखने, सकारात्मक नेतृत्व प्रदान करने तथा महाविद्यालय की गरिमा एवं उत्कृष्ट परंपराओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. ललित कुमार शर्मा ने अध्यक्ष पीयूष जैन, सचिव अनिमेष जैन सहित उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Tags: