कोटा में सृजन द स्पार्क के दीपावली मिलन समारोह में नितिन मुकेश के लाइव कॉन्सर्ट का पोस्टर जारी करते पदाधिकारी। 

कोटा में संगीत और सुरों की महफिल सजाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। सृजन द स्पार्क-कोटा चैप्टर के दीपावली मिलन समारोह में सदस्यों ने अपनी गायन प्रतिभा से समां बांधा। बूंदी रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित समारोह के दौरान ‘सुर मिलन’ कार्यक्रम में सदस्यों ने अपनी पसंद के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां देकर संगीत संध्या को यादगार बनाया। गीतों के माध्यम से सदस्यों ने संगीत के प्रति अपनी रुचि और आपसी जुड़ाव को अभिव्यक्त किया। उत्सवी माहौल में सभी ने दीपावली की खुशियां भी साझा कीं।

इस अवसर पर संस्था की ओर से 20 दिसंबर को आयोजित होने वाले विशेष संगीतमय कार्यक्रम ‘ए लेजेंडरी वॉइस : नितिन मुकेश लाइव इन कॉन्सर्ट’ के पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर विमोचन के दौरान संरक्षक गोविंद माहेश्वरी, अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना, सचिव संजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विकास जैन अजमेरा, उपाध्यक्ष अनिमेष जैन, सांस्कृतिक चेयरमैन राजकुमार जैन, एडीशनल एसपी प्रवीण जैन, अनीश बिरला, राजेश माहेश्वरी, प्रदीप गौड़ सहित संस्था के सदस्य मौजूद रहे। ‘सुर मिलन’ कार्यक्रम का संयोजन सोनल राजोरा, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा एवं रजनीश मोहता ने किया।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि सृजन द स्पार्क की ओर से संगीत एवं कला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 20 दिसंबर को ‘ए लेजेंडरी वॉइस : नितिन मुकेश लाइव इन कॉन्सर्ट’ आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रख्यात पार्श्व गायक नितिन मुकेश अपनी सुरीली आवाज में हिंदी सिनेमा के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन संगीत प्रेमियों को हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर की यादों से जोड़ने के साथ यादगार संगीतमय अनुभव प्रदान करेगा।

सचिव संजीव अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष अनिमेष जैन ने बताया कि रविवार, 20 दिसंबर 2026 को कोरल पार्क स्थित सुपथ ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की थीम ‘रिदम ऑफ लाइफ’ रखी गई है। लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट में नितिन मुकेश अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों के जरिए श्रोताओं को संगीत की दुनिया में ले जाएंगे। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

कोषाध्यक्ष विकास जैन अजमेरा ने बताया कि प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनिमेष जैन, अनीश बिरला एवं विकास जैन के निर्देशन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

सांस्कृतिक चेयरमैन राजकुमार जैन ने बताया कि नितिन मुकेश हिंदी फिल्म संगीत के चर्चित पार्श्व गायकों में शामिल हैं। महान गायक मुकेश के पुत्र नितिन मुकेश ने अपने पिता की समृद्ध संगीत विरासत को आगे बढ़ाते हुए गायन के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। ‘जिंदगी की न टूटे लड़ी’, ‘आजा रे मेरे दिलबर आजा’, ‘सो गया ये जहां’ और ‘माई नेम इज लखन’ जैसे लोकप्रिय गीतों ने उन्हें श्रोताओं के बीच खास पहचान दिलाई। उन्होंने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल, आर.डी. बर्मन, खय्याम और बप्पी लाहिड़ी जैसे दिग्गज संगीतकारों के साथ काम किया है। फिल्मी गीतों के साथ भजनों और मंचीय प्रस्तुतियों में भी उनकी विशेष पहचान रही है।

सृजन द स्पार्क की इस पहल के तहत कोटा के संगीत प्रेमियों को 20 दिसंबर को सुपथ ऑडिटोरियम में नितिन मुकेश की लाइव प्रस्तुति के माध्यम से हिंदी फिल्म संगीत के सदाबहार गीतों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

Tags: