कोटा के जैन मंदिर में कल्पद्रुम विधान के दौरान समवसरण रचना और भक्तों द्वारा पूजा की गई।

कोटा। कुन्हाड़ी स्थित ऋद्धि-सिद्धि नगर के चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को कल्पद्रुम महामंडल विधान के दौरान भव्य समवसरण की रचना के बीच तीर्थंकरों की दिव्य देशना और जिनेंद्र भक्ति का अनुपम दृश्य साकार हुआ। करीब 200 इंद्र-इंद्राणियों ने धार्मिक पात्रों के रूप में विधान में शामिल होकर विभिन्न भूमियों की पूजा-अर्चना की और अर्घ्य समर्पित कर पुण्यार्जन किया।

मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड ने बताया कि परम पूज्य गणाचार्य 108 श्री विरागसागरजी महाराज के प्रिय शिष्य परम पूज्य मुनि प्रवर्तक 108 श्री विश्वनायक सागरजी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में कल्पद्रुम महामंडल विधान का आयोजन किया जा रहा है। विधान में निर्मित भव्य समवसरण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

बुधवार को प्रातःकाल भगवान जिनेंद्र के अभिषेक और नित्य पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद इंद्र-इंद्राणियों ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ समवसरण की विभिन्न भूमियों की आराधना की। ध्वजभूमि में पताकाओं की पूजा कर धर्मध्वजा के प्रति श्रद्धा प्रकट की गई। कल्पवृक्षभूमि में मनोकामनाओं की पूर्ति के प्रतीक कल्पवृक्ष की आराधना की गई।

सिद्धभूमि में सिद्ध परमेष्ठियों की आराधना करते हुए 96 अर्घ्य समर्पित किए गए। सातवीं भवनभूमि में अरिहंत सिद्धि की आराधना के साथ 96 अर्घ्य चढ़ाए गए। वहीं श्री मंडपभूमि में 24 तीर्थंकरों की आराधना कर अर्घ्य अर्पित किए गए।

विधान के दौरान भगवान आदिनाथ स्वामी एवं भगवान महावीर स्वामी के भव्य समवसरण की महिमा का वर्णन किया गया। समवसरण की दिव्य संरचना और तीर्थंकरों की देशना से जुड़े प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। मुनिश्री के सान्निध्य में मंत्रोच्चार और धार्मिक आराधना के बीच मंदिर परिसर जिनेंद्र भगवान के जयकारों से गूंजता रहा। संगीतकार मनीष जैन सरगम ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया।

**पाटनी, सांवला, ठोला और दोषी परिवारों ने निभाई धार्मिक पात्रों की भूमिका**

मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं पंकज खटोड़ ने बताया कि विधान में श्रावक श्रेष्ठी सावितादेवी, जम्बू कुमार, पारस एवं सुशील बज आदित्य परिवार को विभिन्न धार्मिक पात्रों के रूप में पुण्यार्जन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

सौधर्म इंद्र का पुण्यार्जन श्री टीकमचंद एवं श्रीमती धुपेंद्र पाटनी परिवार ने किया। कुबेर इंद्र बनने का सौभाग्य अशोक कुमार एवं अंजना सांवला परिवार को मिला। महायज्ञनायक का पुण्यार्जन विजय कुमार एवं प्रमिला ठोला परिवार ने किया, जबकि यज्ञनायक बनने का सौभाग्य बसंतीलाल एवं अरुणा दोषी परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं चक्रवर्ती का पुण्यार्जन जम्बू कुमार एवं चंदा बज परिवार ने किया।

कल्पद्रुम महामंडल विधान में समवसरण की विभिन्न भूमियों की पूजा, 24 तीर्थंकरों की आराधना और इंद्र-इंद्राणियों की सहभागिता के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

Tags: