कोटा में संस्कृत और आयुर्वेद प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, विशेषज्ञों ने दिया समन्वय पर जोर
| मूल ग्रंथों को समझने के लिए संस्कृत को आवश्यक बताते हुए चिकित्सा शिक्षा में व्यावहारिक समन्वय और विभिन्न आयुर्वेदिक विषयों पर व्याख्यान दिए गए।
कोटा आयुर्वेद कॉलेज में संस्कृत प्रशिक्षण सत्र के दौरान अतिथियों और विद्यार्थियों का सामूहिक चित्र।
कोटा। आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथों में निहित चिकित्सा सिद्धांतों, औषधीय ज्ञान और उपचार पद्धतियों की सही समझ के लिए संस्कृत का ज्ञान अनिवार्य है। संस्कृत के बिना आयुर्वेद की मूल अवधारणाओं का अध्ययन अधूरा रह जाता है। यह बात तमिलनाडु से आईं अमिता पृथ्वी ने राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित संस्कृत एवं आयुर्वेद विषयक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही। संस्कृत भारती के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे विशेषज्ञों ने संस्कृत और आयुर्वेद के पारस्परिक संबंधों तथा चिकित्सा शिक्षा में इनके समन्वय की आवश्यकता पर विचार रखे।
धन्वंतरि सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य वैद्य नित्यानंद शर्मा ने की। तमिलनाडु से पधारी अमिता पृथ्वी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि मणिपुर से आए कमल शर्मा और अजमेर से आए महेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि आयुर्वेद के मूल ग्रंथ संस्कृत भाषा में रचित हैं। ऐसे में आयुर्वेद के विद्यार्थियों के लिए संस्कृत का ज्ञान केवल भाषाई दक्षता का विषय नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से चिकित्सा विज्ञान की मूल अवधारणाओं और सिद्धांतों को सही ढंग से समझा जा सकता है। संस्कृत को सरल और व्यावहारिक तरीके से आयुर्वेद के अध्ययन एवं शिक्षण में शामिल करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य वैद्य नित्यानंद शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने संस्कृत और आयुर्वेद के समन्वय को चिकित्सा शिक्षा के लिए उपयोगी बताते हुए विद्यार्थियों से भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल स्रोतों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजिका डॉ. ऋतु ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र के दौरान विषय विशेषज्ञों ने आयुर्वेद के विभिन्न आयामों पर व्याख्यान दिए। डॉ. इकबाल ने अगद तंत्र एवं व्यवहार आयुर्वेद के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। वहीं, डॉ. सुरभि पंकज ने रोग विकृति विज्ञान से जुड़े विषयों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इस विषय की व्यावहारिक उपयोगिता से अवगत कराया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य, नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। अतिथियों का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर तथा उपर्णा एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया। समारोह में आशुतोष, संस्कृति जैन, देवेंद्र शर्मा सहित अन्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यनारायण गौतम ने किया तथा डॉ. ब्रजराज मालव ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में आरोग्य भारती का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से संस्कृत और आयुर्वेद के समन्वय तथा आयुर्वेद की पारंपरिक ज्ञान-संपदा को मूल ग्रंथों के जरिए समझने के महत्व को रेखांकित किया गया।