कोटा में सिद्धचक्र महामंडल विधान, आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ने दिया कृतज्ञता का संदेश
| विज्ञान नगर के महावीर दिगंबर जैन मंदिर में 384 अर्घ्य समर्पित कर विशेष पूजन किया गया, बच्चों ने चंदनबाला प्रसंग पर नाटिका भी प्रस्तुत की।
कोटा के विज्ञान नगर स्थित जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के दौरान धार्मिक पूजन हुआ।
कोटा। माता-पिता और गुरु के उपकारों को स्मरण रखना तथा उनके प्रति सम्मान, श्रद्धा और समर्पण का भाव बनाए रखना ही सच्ची कृतज्ञता है। जीवन में कृतज्ञता का भाव मनुष्य के संस्कारों और उसकी श्रेष्ठता को दर्शाता है। माता-पिता जन्म देकर जीवन प्रदान करते हैं, वहीं गुरु आत्मज्ञान का मार्ग दिखाकर जीवन को सही दिशा देते हैं। इसलिए उनके ऋण को समझना और उनके उपकारों को कभी नहीं भूलना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। यह विचार भारत गौरव, तीर्थ संवर्धिका, स्वस्तिधाम प्रणेत्री, परम विदुषी एवं लेखिका श्रुत वाग्मी गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी ने बुधवार को श्री 1008 महावीर दिगंबर जैन मंदिर, विज्ञान नगर में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान के दौरान धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं होते, बल्कि वे जीवन को संस्कारित करने के साथ आत्मा के वास्तविक स्वरूप से परिचित कराते हैं। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। ऐसे में गुरु के प्रति श्रद्धा और उनके उपकारों के लिए कृतज्ञता का भाव सदैव बनाए रखना चाहिए।
महामंत्री अनिल ठोरा ने बताया कि गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ के पावन सान्निध्य में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्माराधना कर रहे हैं। माताजी द्वारा रचित इस विधान के अंतर्गत बुधवार को 384 अर्घ्य समर्पित किए गए। मंत्रोच्चार, विधि-विधान से पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
राजमल पाटोदी ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पाद प्रक्षालन का सौभाग्य बाबूलाल, अनिल, नरेश एवं महेश रेबारपुरा वाले परिवार को प्राप्त हुआ। शास्त्र भेंट करने का पुण्य अशोक कटारिया, पवन गोयल एवं करुणा जैन ने अर्जित किया। महाआरती का पुण्यार्जन राजमल एवं विजय कुमार पाटोदी ने प्राप्त किया। वहीं शांतिधारा करने का सौभाग्य पारसमल जैन, दिनेश सुरलाया, नरेंद्र पाटनी, सुशील बिलाला एवं रितेश सैठी को मिला। कार्यक्रम का संचालन पी.के. हरसोरा ने किया।
चंदनबाला प्रसंग पर आधारित नाटिका से बच्चों ने दिया त्याग और समर्पण का संदेश
धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में समंती पाठशाला के बच्चों ने चंदनबाला प्रसंग पर आधारित प्रभावशाली नाटिका प्रस्तुत की। बाल कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से जैन परंपरा के त्याग, तपस्या, संयम और समर्पण के संदेश को जीवंत किया। श्रद्धालुओं ने प्रस्तुति की सराहना की। इसके साथ ही सायंकाल 48 दीपों से भक्तामर महामंडल महाअर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।
राजमल पाटौदी ने बताया कि सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत 21 नवंबर को विश्व शांति महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 22 नवंबर को आचार्य शांति सागर महाराज का आचार्य पदारोहण दिवस श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। माता-पिता और गुरु के उपकारों के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने के साथ मंदिर में जारी धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धालुओं की धर्माराधना और सहभागिता का केंद्र बने हुए हैं।