कोटा में कल पहुंचेगी लोकमंथन परिक्रमा यात्रा, वाहन रैली और संविधान पर गोष्ठी का आयोजन
लोकमंथन परिक्रमा यात्रा 19 अक्टूबर को कोटा पहुंचेगी। कोटा-बूंदी की बावड़ी से दुपहिया वाहन रैली शुरू होगी। महावीर नगर तृतीय चौराहे पर स्वागत के बाद भारतीय संविधान के मूल स्वर पर गोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होंगे।
कोटा। संपूर्ण राजस्थान में भ्रमण कर रही लोकमंथन परिक्रमा यात्रा का 19 अक्टूबर को कोटा महानगर में आगमन होगा। इस अवसर पर दुपहिया वाहन रैली, प्रबुद्ध जन गोष्ठी, शारीरिक प्रदर्शन, मलखंब, खेल और लोक संस्कार पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सह-संयोजक राजेंद्र मोरपा ने बताया कि यात्रा 19 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे कोटा-बूंदी की बावड़ी से दुपहिया वाहन रैली के साथ कोटा महानगर में प्रवेश करेगी। रैली प्रातः 9:30 बजे महावीर नगर तृतीय चौराहे पर पहुंचेगी। यहां राष्ट्रीय सेविका समिति की बहनों द्वारा यात्रा का पारंपरिक एवं मांगलिक अभिनंदन किया जाएगा।
इसके बाद प्रातः 10 बजे स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन स्थित रामशांताय सभागार में प्रबुद्ध जन गोष्ठी आयोजित होगी। गोष्ठी का मुख्य विषय 'भारतीय संविधान का मूल स्वर: हम भारत के लोग' रहेगा। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत जी खत्री मुख्य मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
गोष्ठी के बाद विभिन्न प्रकार के शारीरिक प्रदर्शन, मलखंब, खेल और लोक संस्कार पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रज्ञा प्रवाह द्वारा हाड़ौती क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही लोकमंथन परिक्रमा यात्रा के कोटा आगमन पर आयोजित कार्यक्रमों का विधिवत समापन होगा।