कोटा में होटल फेडरेशन सदस्यों ने हरियाणा से पहुंचे पर्यटक दल का स्वागत व अभिनंदन किया।

कोटा दशहरा मेले और शहर के पर्यटन स्थलों के प्रति पर्यटकों का आकर्षण बढ़ने लगा है। पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से पर्यटकों के कोटा पहुंचने का सिलसिला तेज हो रहा है। इसी क्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के प्रयासों से हरियाणा के महेंद्रगढ़ से 40 सदस्यीय पर्यटक दल 24 अक्टूबर 2026 को कोटा पहुंचा। होटल फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने दल का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि फेडरेशन ने कोटा के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को दशहरा मेले से जोड़ते हुए पर्यटकों के लिए विशेष दो दिवसीय रियायती पर्यटन पैकेज घोषित किया था। इसी पहल के परिणामस्वरूप महेंद्रगढ़, हरियाणा से 40 पर्यटकों का दल कोटा पहुंचा है। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान पर्यटक दल कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अवलोकन करने के साथ विश्वप्रसिद्ध कोटा दशहरा मेले का भी भ्रमण करेगा।

माहेश्वरी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर दशहरा मेले में आयोजित किए जा रहे विशेष कार्यक्रमों और होटल फेडरेशन की ओर से किए गए व्यापक प्रचार-प्रसार के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। देश-विदेश के पर्यटकों की ओर से लगातार पूछताछ प्राप्त हो रही है। यह कोटा के पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है। विभिन्न राज्यों से आने वाले पर्यटक यहां के दशहरा मेले और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर अभिभूत हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आगामी पर्यटन सीजन में कोटा सहित संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटकों और पर्यटक समूहों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए होटल फेडरेशन पर्यटकों के स्वागत, आवास, आतिथ्य सत्कार और पर्यटन स्थलों के भ्रमण से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारियां कर रहा है।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि कोटा आने वाले पर्यटकों के आतिथ्य सत्कार के साथ उनके पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फेडरेशन का उद्देश्य कोटा के साथ बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना और यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ाना है।

इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की साधारण सभा की बैठक रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जा रही है। बैठक में कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ इकाइयों के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। इसमें क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। हरियाणा से पहुंचे 40 पर्यटकों का दल फेडरेशन की पर्यटन प्रोत्साहन पहल के तहत कोटा दशहरा मेले और हाड़ौती के पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

Tags: