कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव कार्यक्रम के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन करते हुए।

कोटा में भगवान महर्षि वाल्मीकि जी का जन्मोत्सव 26 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से सूरजपोल गेट, गुमानपुरा स्थित महर्षि वाल्मीकि सत्संग आश्रम पर आयोजित होगा। इस अवसर पर सम्मान समारोह और विशाल सत्संग कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों, अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं हरिकृष्ण बिरला ने किया।

महर्षि वाल्मीकि जन कल्याण सत्संग मण्डल राजस्थान प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मण्डल के अध्यक्ष जगदीश टांक (भंडारी) ने बताया कि समाज के संतों और समस्त बंधुओं के सहयोग से इस ऐतिहासिक आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है। इसका उद्देश्य समाज को संगठित करना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है।

समाजसेवी अशोक पचेरवाल ने बताया कि जन्मोत्सव को लेकर समाज के युवाओं, प्रबुद्धजनों और पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरणों में चल रही हैं।

संतों के दिव्य सानिध्य में होने वाले इस कार्यक्रम में श्री श्री 1008 पूज्य गुरुदेव कृष्ण शाह विद्यार्थी जी, महामंडलेश्वर, वाल्मीकि धाम, पंचकुईयां, नई दिल्ली का पावन सानिध्य और आशीर्वाद श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। जन्मोत्सव समारोह के दौरान समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रबुद्धजनों, अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन को सफल बनाने में रामप्रसाद पचेरवाल, अंकित चौहान, पूर्व पार्षद मदनगोपाल झांझोट, शंकर झांझोट, दीपक टांक, सुनील पटोना, रवि खजोतिया, देवेंद्र पचेरवाल, मनोज पचेरवाल, रमेश घेंघट सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं। समाज को संगठित करने और आपसी सौहार्द को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह जन्मोत्सव समारोह सत्संग, संतों के आशीर्वाद और समाजसेवियों के सम्मान का अवसर बनेगा।

Tags: