कोटा में 16वें टेन्ट महाधिवेशन का आज भूमि पूजन, देशभर से जुटेंगे 15 हजार व्यवसायी
कोटा में 16वें टेन्ट महाधिवेशन की तैयारियों का आज भूमि पूजन से शुभारंभ होगा। देशभर से 12 से 15 हजार प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है।
तस्वीर में कोटा में टेन्ट व्यवसायियों के प्रांतीय महाधिवेशन के संदर्भ में अशोक माहेश्वरी को निमंत्रण पत्र सौंपते हुए समिति के पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
कोटा में टेन्ट व्यवसायियों के 16वें प्रांतीय महाधिवेशन की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ आज 10 अगस्त 2026 को भूमि पूजन के साथ होगा। राजस्थान टेन्ट किराया समिति, हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति एवं कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महाधिवेशन में राजस्थान के 40 जिलों सहित देशभर से बड़ी संख्या में टेन्ट व्यवसायियों के शामिल होने की संभावना है।
16वें प्रांतीय महाधिवेशन का आयोजन आगामी 6, 7 एवं 8 सितंबर 2026 को कोटा में किया जाएगा। महाधिवेशन की तैयारियों के शुभारंभ एवं भूमि पूजन समारोह का आयोजन आज 10 अगस्त 2026 को दोपहर 2:30 बजे दशहरा ग्राउंड, सीएडी सर्किल, कोटा पर किया जाएगा।
हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहर मन सिंह ने बताया कि भूमि पूजन समारोह के मुख्य अतिथि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश बिरला होंगे। विशिष्ट अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी होंगे। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
भूमि पूजन एवं महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी, उपाध्यक्ष रईस मोहम्मद, कोषाध्यक्ष मोहर मन सिंह एवं संगठन मंत्री सुरेश चित्तौड़ा सहित कई पदाधिकारियों ने आज कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी से भेंट की। पदाधिकारियों ने उन्हें भूमि पूजन समारोह का निमंत्रण दिया तथा महाधिवेशन की तैयारियों की समस्त जानकारी दी।
इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने टेन्ट व्यवसायियों के इतने बड़े आयोजन का कोटा में आयोजन होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का कोटा की धरती पर होना शहर के व्यापार एवं उद्योग जगत के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है।
अशोक माहेश्वरी ने कहा कि महाधिवेशन में देशभर से आने वाले 10 से 15 हजार प्रतिभागियों के कारण कोटा के बाजारों के साथ-साथ यहां के पर्यटन स्थलों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। प्रतिभागी कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे, जिससे हाड़ोती के पर्यटन का राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।
उन्होंने कहा कि कोटा में महाधिवेशन आयोजित करवाने के पीछे उद्देश्य यह भी है कि देशभर से टेन्ट एवं वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े व्यवसायी कोटा आएं। इससे आने वाले समय में कोटा को पर्यटन के साथ-साथ वेडिंग इंडस्ट्री के बड़े हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। ऐसे आयोजनों से कोटा शहर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
देशभर से आएंगे 12 से 15 हजार प्रतिभागी
हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहर मन सिंह ने बताया कि महाधिवेशन की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। समिति के पदाधिकारियों ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर टेन्ट व्यवसायियों को महाधिवेशन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
उन्होंने बताया कि महाधिवेशन में देशभर से बड़ी संख्या में स्टॉल लगाए जाएंगे तथा तीन दिवसीय आयोजन में लगभग 12 से 15 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन एवं परिवहन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों को हाड़ोती के पर्यटन स्थलों से परिचित कराने के लिए 9 सितंबर को विशेष पर्यटन भ्रमण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके तहत कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा।
चंबल सफारी एवं मुकुंदरा हिल्स को बढ़ावा देने पर जोर
इस अवसर पर चंबल सफारी एवं मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में जिप्सी, कैंटर एवं नाव आदि संचालित करने वाले बनवारी शर्मा एवं उर्वशी शर्मा ने चंबल सफारी की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व एवं चंबल सफारी में आवश्यक संसाधनों में वृद्धि की जाए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक एवं महाधिवेशन में आने वाले प्रतिभागी इन पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकें।
उन्होंने कहा कि टेन्ट व्यवसायियों के इस महाधिवेशन को हाड़ोती के पर्यटन से जोड़ने से क्षेत्र के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की पूरी संभावना है।
भूमि पूजन समारोह में राजस्थान के 40 जिलों से टेन्ट व्यवसायियों के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही सितंबर में होने वाला तीन दिवसीय प्रांतीय महाधिवेशन देशभर के टेन्ट एवं वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े व्यवसायियों को कोटा में एकत्र करेगा और आयोजन के माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर परिचित कराने की तैयारियां की जा रही हैं।