जीएसटी संशोधनों व वार्षिक रिटर्न पर कोटा में सेमिनार आयोजित
| जयपुर से आए सीए उज्ज्वल शर्मा ने रिफंड और रिटर्न की तकनीकी बारीकियां समझाईं ताकि टैक्स प्रैक्टिशनर्स नए नियमों के अनुसार अनुपालन कर सकें।
कोटा में टैक्स बार एसोसिएशन के जीएसटी सेमिनार के दौरान बुधवार को पदाधिकारी और सदस्य स्मृति चिह्न लिए।
जीएसटी के लगातार बदलते प्रावधानों और वार्षिक रिटर्न से जुड़ी तकनीकी जटिलताओं के बीच टैक्स बार एसोसिएशन, कोटा की ओर से बुधवार को महत्वपूर्ण सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें जयपुर से आए प्रख्यात वक्ता सीए उज्ज्वल शर्मा ने जीएसटी के नवीनतम संशोधनों, रिफंड और वार्षिक रिटर्न से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देकर टैक्स प्रैक्टिशनर्स को विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया।
कोटा, 18 नवंबर। टैक्स बार एसोसिएशन, कोटा की ओर से आयोजित इस सेमिनार में मुख्य वक्ता सीए उज्ज्वल शर्मा ने जीएसटी रिफंड, जीएसटी के नवीनतम संशोधनों तथा वार्षिक रिटर्न से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से कर सलाहकारों एवं पेशेवरों को विभिन्न तकनीकी बारीकियां समझाईं। साथ ही सदस्यों की ओर से पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेशन चेयरमैन सीए ऋषभ मित्तल ने की। इस अवसर पर टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए गोविन्द राम डूडी, सचिव सीए टिंकू जैन, उपाध्यक्ष सीए हितेश दयानी एवं कोषाध्यक्ष सीए विपुल अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन सीए प्रवीण मालव एवं एडवोकेट नीलेश जैन ने किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए गोविन्द राम डूडी ने अपने संबोधन में आगामी कार्यक्रमों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य सदस्यों को कर कानूनों में होने वाले बदलावों से निरंतर अपडेट रखना और उनके व्यावसायिक ज्ञान में वृद्धि करना है।
एसोसिएशन के सचिव सीए टिंकू जैन ने बताया कि यह सेमिनार टैक्स प्रैक्टिशनर्स के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा। जीएसटी के नवीनतम संशोधनों, रिफंड एवं वार्षिक रिटर्न जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ की ओर से दी गई जानकारी सदस्यों को उनके पेशेवर कार्यों में काफी लाभ पहुंचाएगी।
सेमिनार में कोटा शहर के वरिष्ठ टैक्स अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं बड़ी संख्या में टैक्स प्रैक्टिशनर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से जीएसटी से जुड़े नवीनतम प्रावधानों और अनुपालन की तकनीकी जानकारी साझा करने के साथ ही कर पेशेवरों के ज्ञान को अद्यतन रखने के एसोसिएशन के प्रयासों को आगे बढ़ाया गया।