टैक्स बार एसोसिएशन कोटा के सेमिनार में प्रैक्टिस ग्रोथ और ITR 2026-27 बदलावों पर विशेषज्ञों ने दिए अहम मंत्र
कोटा में टैक्स बार एसोसिएशन के सेमिनार में ITR 2026-27 के बदलावों और प्रैक्टिस ग्रोथ पर विशेषज्ञों ने अहम जानकारी दी, 150 से अधिक प्रोफेशनल्स रहे शामिल।
तस्वीर में टैक्स बार एसोसिएशन कोटा के पदाधिकारी और अतिथि एक मंच पर खड़े होकर संस्था के पहले न्यूज़लेटर का विमोचन करते हुए नजर आ रहे हैं।
कोटा में टैक्स बार एसोसिएशन द्वारा बुधवार को प्रोफेशनल डेवलपमेंट एवं आयकर रिटर्न (आईटीआर) विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से 150 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ताओं और टैक्स प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेमिनार में प्रैक्टिस विस्तार, प्रोफेशनल विकास और आकलन वर्ष 2026-27 के आईटीआर प्रपत्रों में हुए महत्वपूर्ण बदलावों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी साझा की।
सेमिनार के प्रथम तकनीकी सत्र में सीए हिमांशु गोयल ने 'अपनी प्रैक्टिस को दोगुना कैसे करें' विषय पर व्याख्यान देते हुए प्रोफेशनल सफलता के लिए 5पी मंत्र बताए। उन्होंने प्रैक्टिस, प्रोफेशनल ग्रोथ, समृद्धि, उद्देश्य/जुनून तथा दृढ़ता/सकारात्मकता को सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल्स को केवल आयकर एवं जीएसटी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी अपनी विशेषज्ञता विकसित करनी चाहिए, जिससे नई संभावनाओं के साथ अपनी प्रैक्टिस का विस्तार किया जा सके। इस सत्र में आकलन वर्ष 2026-27 के आईटीआर प्रपत्रों में हुए महत्वपूर्ण बदलावों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
द्वितीय तकनीकी सत्र में जयपुर से पधारे सीए अनुप भाटिया ने आकलन वर्ष 2026-27 के आयकर रिटर्न (आईटीआर) प्रपत्रों में हुए महत्वपूर्ण परिवर्तनों और उनके व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए नए प्रावधानों और उनके अनुपालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान टैक्स बार एसोसिएशन, कोटा के प्रथम न्यूज़लेटर का भव्य विमोचन किया गया। साथ ही एसोसिएशन से जुड़े नव सदस्यगणों का सम्मान कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीए डॉ. रोहित रुवाटिया, चेयरमैन, मेंबर्स इन पब्लिक सर्विसेज कमेटी, आईसीएआई रहे। उन्होंने अपने संबोधन में निरंतर सीखने, प्रोफेशनल उत्कृष्टता और संगठनात्मक एकता पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए गोविंद राम डूडी, सचिव सीए टिंकू जैन, उपाध्यक्ष सीए हितेश दयानी, कोषाध्यक्ष सीए विपुल अग्रवाल, संयुक्त सचिव सीए शिखा नेभिनानी सहित सत्र अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार विजय, सीए आशीष अरविंद जैन, कार्यक्रम संयोजक सीए पंकज शर्मा, सीए नितेश कुमार जैन, एडवोकेट जगदीश सोनी, सीए रामलाल विजय, सीए ए. के. लोढ़ा, एडवोकेट एम. एम. शर्मा, एडवोकेट ओम बरोदिया, एडवोकेट गोपाल जैन, सीए स्वर्णिम जैन, एडवोकेट भव्य कुमार जैन, सीए रेखा चौरसिया और सीए रजत जैन सहित अनेक वरिष्ठ सदस्य एवं 150 से अधिक प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में टैक्स बार एसोसिएशन के सचिव सीए टिंकू जैन ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का सफल समापन किया।