UCC पर राखी गौतम का हमला, कहा- जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद ही तैयार हो ड्राफ्ट
UCC कानून पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने सरकार से जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर ड्राफ्ट तैयार करने की मांग की।
भाजपा सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता कानून (UCC) के तहत आयोजित की जा रही जनसुनवाई को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा यूसीसी के अंतर्गत आयोजित होने वाली जनसुनवाई को बेबुनियाद और आधारहीन बताते हुए कहा कि यह एकतरफा फैसलों के आधार पर थोपा जा रहा कानून है।
राखी गौतम ने कहा कि लोकतंत्र में कानून आपसी सहमति, संवाद और विश्वास से बनते हैं, एकतरफा फैसलों से नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लाया जा रहा एकतरफा कानून जनविरोधी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक उन्माद फैलाने वाले यूसीसी कानून से सरकार की जनविरोधी नीतियां सामने आ चुकी हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के लोग केवल माहौल खराब करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) के नाम पर भाजपा सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी समान नागरिक संहिता कानून का विरोध नहीं करती, बल्कि आपसी सहमति से इसका ड्राफ्ट तैयार करने की मांग करती है।
गौतम ने कहा कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में UCC लागू करना चाहती है तो सबसे पहले चुने हुए जनप्रतिनिधियों, विधानसभा सदस्यों और लोकसभा सदस्यों के साथ चर्चा करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी विपक्षी पार्टी को विश्वास में नहीं लिया गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि संसद और विधानसभाओं की संबंधित समितियों में कानून को लेकर विस्तृत चर्चा क्यों नहीं करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आखिर चुने हुए सांसदों और विधायकों को कानून का ड्राफ्ट क्यों नहीं दिया जा रहा है। जब जनप्रतिनिधियों से चर्चा नहीं की गई और उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई कि कानून में क्या प्रावधान हैं, तो आम जनता के साथ जनसुनवाई करने का क्या फायदा होगा।
राखी गौतम ने कहा कि जनहित के वास्तविक मुद्दे पानी, बिजली, रोजगार और महंगाई जैसे विषय हैं, जिन पर चर्चा होनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी कानून लाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है और सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रही है और उसे खुद स्पष्ट नहीं है कि जनसुनवाई किस मुद्दे पर करनी है। कांग्रेस पार्टी ने मांग की कि भाजपा सरकार UCC पर तुरंत विस्तृत चर्चा करे, जनप्रतिनिधियों को ड्राफ्ट दिखाए और इसके बाद आमजन की राय ले। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करना बंद किया जाना चाहिए।