कोटा में सिद्धचक्र महामंडल विधान संपन्न, अब आचार्य पदारोहण दिवस पर निकलेगा विशेष धर्म रथ
| विज्ञान नगर में विश्व शांति महायज्ञ और भव्य शोभायात्रा के साथ विधान की पूर्णाहुति हुई; देशभर में धर्म प्रभावना के लिए रथ प्रवर्तन और लघु नाटिका का आयोजन होगा।
कोटा के विज्ञान नगर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के समापन पर जैन समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा।
कोटा। धर्म से विमुख होता मनुष्य जीवन में दुखों से घिरता चला जाता है, जबकि धर्म ही उसे आत्मकल्याण और शांति का मार्ग दिखाता है। मनुष्य के जीवन में धर्म की इसी महत्ता को रेखांकित करते हुए आर्यिका 105 स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि जब डॉक्टर और वकील भी असहाय हो जाते हैं, तब वे भी यही कहते हैं कि अब भगवान ही आपको पार लगा सकते हैं। वे विज्ञान नगर में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं।
माताजी ने कहा कि सिद्धचक्र महामंडल विधान आत्मकल्याण, पुण्यार्जन और आध्यात्मिक उन्नति का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस विधान के माध्यम से अनेक अतिशय होते हैं। प्रत्येक श्रावक को वर्ष में कम से कम एक बार इस विधान का आयोजन अवश्य करना चाहिए। श्रीपाल-मैनासुंदरी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संसार में धन-संपत्ति के आधार पर रिश्तों का स्वरूप बदल जाता है। जेब में पैसा होने पर पड़ोसी भी रिश्तेदार बन जाते हैं, जबकि जेब खाली होने पर अपने रिश्तेदार भी दूरी बनाने लगते हैं। ऐसे में मनुष्य को सांसारिक संबंधों के बजाय धर्म और आत्मकल्याण को जीवन में प्राथमिकता देनी चाहिए।
अनिल ठौरा एवं पीके हरसोरा ने बताया कि समापन समारोह में श्री नरेंद्र-बबीता (कोलकाता) एवं राजकुमार प्रकाश जैन (मेरू वाले) ने आर्यिका माताजी का पाद प्रक्षालन किया। पदम अनुज गोधा, महावीर विकास अजमेरा, अनिल नूतन जैन स्टेशन एवं चेतन हीराचंद जैन (मुंबई) ने शास्त्र भेंट किए। वहीं मनोज आशीष जैसवाल, पारसमल जैन, राजमल विजय पाटौदी, प्रद्युम्न अभय पाटनी, विमल दीपक जैन नाता, कैलाश एवं रितेश सेठी को शांतिधारा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
विधान की पूर्णाहुति के बाद विश्व शांति महायज्ञ आयोजित किया गया। इसके पश्चात जैन समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा विज्ञान नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठानों और शोभायात्रा के साथ सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन हुआ।
22 नवंबर को मनेगा आचार्य पदारोहण दिवस
सकल समाज के महामंत्री पदम बड़ला ने बताया कि 22 नवंबर को दोपहर एक बजे आचार्य श्री शांतिसागर महाराज छाणी के आचार्य पदारोहण दिवस पर विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। धर्म प्रभावना समिति के अध्यक्ष हसमुख जैन गांधी ने बताया कि इस अवसर पर एक विशेष रथ का प्रवर्तन किया जाएगा, जो वर्षभर देशभर में भ्रमण कर धर्म प्रभावना करेगा।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य श्री के जीवन और उनके आदर्शों पर आधारित लघु नाटिका का मंचन भी होगा। इसके साथ ही अनेक पत्रिकाओं का विमोचन किया जाएगा। आयोजन में शामिल होने के लिए देशभर से जैन समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों के कोटा पहुंचने का सिलसिला जारी है।