कोटा के कुन्हाड़ी में कल्पद्रुम महामंडल विधान आयोजित, 200 इंद्र-इंद्राणियों ने की आराधना
| श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में मुनि श्री विवर्धन सागर जी के सानिध्य में प्रतिदिन अभिषेक व सहस्रनाम पूजा हो रही है, वहीं आचार्य पदारोहण व पिच्छिका परिवर्तन समारोह होगा।
कोटा के कुन्हाड़ी स्थित जैन मंदिर में कल्पद्रुम महामंडल विधान के दौरान धर्मसभा को संबोधित करते मुनिश्री।
कोटा। कुन्हाड़ी स्थित ऋद्धि-सिद्धि नगर के श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में इन दिनों धर्म साधना, गुरु भक्ति और जिनेंद्र आराधना का भव्य आयोजन हो रहा है। परम पूज्य गणाचार्य 108 श्री विरागसागर जी महाराज के प्रिय शिष्य गणधर मुनि 108 श्री विवर्धन सागर जी महाराज एवं प्रवर्तक मुनि श्री विश्वनायक सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आयोजित कल्पद्रुम महामंडल विधान में करीब 200 इंद्र-इंद्राणियां समवशरण में विराजमान होकर भगवान जिनेंद्र की आराधना कर रहे हैं।
मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि विधान के तहत प्रतिदिन सुबह 6.15 बजे भगवान जिनेंद्र के अभिषेक, शांतिधारा और नित्य पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत होती है। इसके बाद सौधर्म इंद्र, कुबेर, चक्रवर्ती, पट्टनायक एवं महायज्ञनायक सहित करीब 200 इंद्र-इंद्राणियां भव्य समवशरण में विराजमान होकर भगवान जिनेंद्र के 1008 नामों की सहस्रनाम पूजा करते हैं। इस दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव से अर्घ्य समर्पित कर पुण्यार्जन कर रहे हैं।
ताराचंद बडला ने बताया कि 22 नवंबर को प्रातः 9 बजे परम पूज्य गणाचार्य श्री विराग सागर जी महामुनिराज का 35वां आचार्य पदारोहण महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर प्रातः 9 बजे भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह भी संपन्न होगा। कार्यक्रम में मुनिश्री 108 विश्वक्ष सागर जी महाराज, मुनिश्री 108 विश्ववित सागर जी महाराज सहित संघस्थ मुनिराजों का सानिध्य प्राप्त होगा। आयोजन के दौरान प्रतिष्ठाचार्य भागचंद शास्त्री के निर्देशन में विधान की पूजन प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए गणधर मुनि श्री विवर्धन सागर जी महाराज ने कहा कि वर्तमान अवसर्पिणी काल में जीव अनंत काल से दुखों का अनुभव करता आ रहा है। इसका मूल कारण अज्ञान, मोह और विषय-वासनाओं के प्रति आसक्ति है। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन की सार्थकता आत्मकल्याण के मार्ग को पहचानने तथा संयम, तप और त्याग को जीवन में अपनाने में निहित है। जैन श्रमण परंपरा आत्मशुद्धि, साधना और मोक्षमार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
मुनिश्री ने जैन आचार्य परंपरा का स्मरण करते हुए आचार्य आदिसागर जी महाराज एवं उपाध्याय महाकीर्ति जी महाराज के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जैन संतों ने धर्म प्रभावना के साथ अनेक प्राचीन तीर्थ क्षेत्रों के जीर्णोद्धार और धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मंदिर में आयोजित कल्पद्रुम महामंडल विधान के माध्यम से श्रद्धालु जहां सामूहिक रूप से जिनेंद्र आराधना और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बन रहे हैं, वहीं 22 नवंबर को होने वाला आचार्य पदारोहण महोत्सव और पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।