कोटा में अग्रवाल समाज का अन्नकूट महोत्सव, 56 भोग व सामाजिक संदेश
| 25 समितियों व 101 महिलाओं की टीम के साथ भोजन न छोड़ने की शपथ और समाज सुधार का संदेश दिया जाएगा; लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे।
कोटा के नयापुरा स्टेडियम में 22 नवम्बर को शाम 6 बजे होने वाले अन्नकूट महोत्सव के लिए आमंत्रण कूपन।
कोटा। अग्रवाल समाज का अन्नकूट महोत्सव रविवार, 22 नवम्बर को नयापुरा स्टेडियम में आयोजित होगा। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और समाज सुधार का संदेश भी दिया जाएगा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला कोटा के साथ अग्रवाल समाज की विभिन्न इकाइयां संयुक्त रूप से महोत्सव का आयोजन करेंगी। कार्यक्रम में समाज के उत्थान और कुरीतियों को त्यागने का आह्वान किया जाएगा। साथ ही उपस्थित समाजबंधुओं को भोजन की जूठन नहीं छोड़ने की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर भामाशाहों और कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
संस्था के युवा अध्यक्ष अजय गोयल और महामंत्री धर्मेंद्र मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सम्मेलन के अध्यक्ष विजय गुप्ता और महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, महापौर अनुसूईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा के पूर्व महामंत्री जगदीश जिंदल, पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक गर्ग उपस्थित रहेंगे। आयोजन में शामिल होने के लिए हाड़ौती संभाग के सभी जिलों से अग्रबंधु पहुंचेंगे।
कोषाध्यक्ष उपेंद्र राय जैन ने बताया कि अग्रवाल समाज के सभी घरों तक आमंत्रण कूपन पहुंचा दिए गए हैं। समाज के प्रत्येक सदस्य को आयोजन से जोड़ने के उद्देश्य से पीले चावल बांटकर आमंत्रित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 25 समितियों का गठन किया गया है। प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि इन समितियों में भोजन व्यवस्था, मंच संचालन और अतिथि सत्कार सहित विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल चुनावाले ने बताया कि भोजन और आतिथ्य व्यवस्था के लिए 101 महिलाओं की टीम तैयार की गई है। महिला अध्यक्ष शालू अग्रवाल, महामंत्री पूनम जैन और ममता गोयल ने बताया कि महोत्सव के दौरान भोजन वितरण की पूरी जिम्मेदारी महिलाएं संभालेंगी। सभी महिलाएं एक जैसी साड़ी पहनकर आयोजन में उपस्थित रहेंगी।
अन्नकूट महोत्सव में भगवान गिरिराज धरण की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी और भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। उपाध्यक्ष अरविंद गोयल ने इसकी जानकारी दी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवीन मित्तल और अनिल छामुनिया ने बताया कि प्रसादी तैयार करने के लिए कोटा और भीलवाड़ा के 50 कारीगरों की टीम जुटी हुई है। महोत्सव के लिए 10 क्विंटल सब्जी, 60 कट्टे आटा, 50 टीन देशी घी सहित अन्य खाद्य सामग्री से प्रसादी तैयार कराई जा रही है।
आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं से जुड़े इस अवसर पर समाजसेवी नवल अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल चुनावाले, प्रवीण अग्रवाल, टीकम खांडवाले, महेंद्र मित्तल, श्याम सुंदर गर्ग, राजकुमार गोयल, दीनदयाल अग्रवाल, संजय अग्रवाल और भास्कर गोयल उपस्थित थे। धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सुधार, अन्न की बर्बादी रोकने और समाज के प्रत्येक सदस्य की सहभागिता का संदेश इस अन्नकूट महोत्सव का प्रमुख केंद्र रहेगा।