कोटा के आरके पुरम में रामलीला मंचन का आगाज, राम जन्म और ताड़का वध का मंचन
श्री रामलीला आयोजन समिति और नगर निगम कोटा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पहले दिन कई प्रसंगों की प्रस्तुति दी गई।
कोटा के आरके पुरम-ए स्थित महर्षि गौतम पार्क में आयोजित रामलीला के प्रथम दिन मंच पर संवाद प्रस्तुत करते कलाकार।
कोटा। आरके पुरम-ए स्थित श्री महर्षि गौतम रामलीला पार्क में भव्य आतिशबाजी के बीच रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। श्री रामलीला आयोजन समिति, आरके पुरम-ए, नया कोटा एवं नगर निगम कोटा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रामलीला के पहले दिन धरती पुकार, भगवान श्रीराम के जन्म और ताड़का वध के प्रसंगों का मंचन किया गया। धार्मिक प्रसंगों की प्रस्तुति के दौरान पूरा आयोजन स्थल जय श्रीराम के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा।
समिति के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और महामंत्री गिरिराज गौतम ने बताया कि रामलीला के प्रथम दिन कलाकारों ने भगवान श्रीराम के अवतरण और अधर्म के प्रतिकार से जुड़े प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया। प्रभावशाली संवादों और जीवंत अभिनय के माध्यम से धर्म की स्थापना की कथा का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया, जबकि ताड़का वध के मंचन ने दर्शकों को रोमांचित किया।
समिति के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पीपी गुप्ता ने बताया कि कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामकथा के प्रमुख प्रसंगों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मंचन के दौरान उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में कुलदीप सनाढ्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथि पार्षद कीर्ति गौतम और पुरुषोत्तम यादव भी मौजूद रहे। आयोजन में समिति के मुख्य संयोजक बालचंद फौजी, अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महामंत्री गिरिराज गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम शर्मा, प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पीपी गुप्ता, संयोजक चंद्रप्रकाश माहेश्वरी और सत्यप्रकाश शर्मा ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विष्णु नारायण शर्मा, मंडल अध्यक्ष अक्षय चौधरी, पार्षद मंजू देवी विजयवर्गीय, सुमित्रा खींची और पूर्व पार्षद सोनू गौतम सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने आरती में भाग लेकर भगवान श्रीराम की वंदना की। राम जन्म और ताड़का वध के मंचन के साथ आरके पुरम के श्री महर्षि गौतम रामलीला पार्क में रामलीला के आयोजन की शुरुआत हुई।