कोटा रेलवे स्टेशन पर दिव्यांगों की सुविधा बढ़ी, रोटरी क्लब कोटा ने रेलवे मंडल को भेंट की दो व्हीलचेयर
कोटा रेलवे मंडल को रोटरी क्लब कोटा और श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति ने दो व्हीलचेयर भेंट कीं, जिससे दिव्यांग, वृद्ध और बीमार यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
तस्वीर में रोटरी क्लब कोटा और दिव्यांग सहायता समिति के पदाधिकारी कोटा रेलवे स्टेशन पर रेल अधिकारियों को दो व्हीलचेयर सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
कोटा, 31 जुलाई। श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति एवं रोटरी क्लब कोटा ने कोटा रेलवे मंडल को दो व्हीलचेयर भेंट कर दिव्यांगजनों, वृद्धजनों और बीमार व्यक्तियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। रेलवे स्टेशन पर आवागमन के दौरान होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह प्रकल्प पूरा किया गया।
रोटरी क्लब कोटा के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खिंची ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर दिव्यांगजनों के आवागमन में कठिनाई आती थी। इसी आवश्यकता को देखते हुए क्लब ने दो व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि इस कार्य को सफल बनाने में श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के अध्यक्ष प्रवीण भंडारी का विशेष सहयोग रहा।
क्लब सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि कोटा रेलवे मंडल के अधिकारी शशि भूषण शर्मा ने क्लब की इस पहल का स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन ऐसा माध्यम है जिसकी आवश्यकता सभी को रहती है और इस सहायता से दिव्यांगों, वृद्धजनों एवं बीमार व्यक्तियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
क्लब के प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि इस अवसर पर क्लब लर्निंग फेलिसिटेटर मुकेश व्यास तथा सदस्य कपिल जैन भी उपस्थित रहे। यह पहल रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंद यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।