कोटा नगर निगम चुनाव में कांग्रेस कार्यालय पर दावेदारों की भीड़, 600 से अधिक आवेदन लिए
कोटा नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों की भीड़ उमड़ी। 600 से अधिक आवेदन लिए गए, करीब 300 जमा हुए।
तस्वीर में कोटा स्थित कांग्रेस कार्यालय के भीतर एक टेबल के पास खड़े और बैठे लोग आवेदन दस्तावेज जमा और चेक करते दिख रहे हैं।
कोटा में नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की आवेदन प्रक्रिया के बीच शुक्रवार को गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों की भारी भीड़ उमड़ी। आवेदन लेने और जमा कराने के लिए उम्मीदवारों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे दिन कार्यालय में आवेदन लेने-जमा कराने का सिलसिला चलता रहा।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या और पार्टी के प्रति उत्साह को देखते हुए आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 20 अगस्त से बढ़ाकर 23 अगस्त 2026, रविवार शाम 5 बजे तक कर दी थी। तिथि बढ़ाए जाने के बाद शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।
जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से पूरा कराने के लिए कांग्रेस कार्यालय में आवश्यक दिशा-निर्देश देकर व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की लगातार बढ़ती संख्या से स्पष्ट है कि नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संभावित उम्मीदवारों में खासा उत्साह है।
कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम के अनुसार, कांग्रेस कार्यालय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विजय सोनी ने बताया कि शुक्रवार तक लगभग 600 उम्मीदवार आवेदन ले जा चुके हैं, जबकि करीब 300 उम्मीदवार अपने आवेदन भरकर कार्यालय में जमा भी करा चुके हैं।
डॉ. विजय सोनी ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 23 अगस्त, रविवार शाम 5 बजे तक गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में अपने आवेदन जमा करा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के अंतिम चरण में बड़ी संख्या में दावेदारों की सक्रियता से नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर टिकट की दौड़ तेज होती नजर आ रही है।