स्वर्ण और कांस्य पदक से चमका माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखेगा कोटा का दम

माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, कोटा के दीपांशु यादव ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण और वेदिका धाकड़ ने ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर नई उम्मीद जगाई।

Update: 2026-08-01 11:54 GMT

तस्वीर में बाएं से दाएं: स्कूल प्रतिनिधि, प्रशासक राजेन्द्र कुमार जैन, श्री माहेश्वरी समाज अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, छात्र दीपांशु यादव, छात्रा वेदिका धाकड़, प्राचार्य अमित कुमार शर्मा और उप प्राचार्या भक्ति निगम।

कोटा के माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ शहर का भी गौरव बढ़ाया है। कक्षा 11 के छात्र दीपांशु यादव ने सीबीएसई क्लस्टर-14 एथलेटिक्स मीट-2026 की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया, जबकि कक्षा 6 की छात्रा वेदिका धाकड़ ने सीबीएसई वेस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026-27 में कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय के नाम एक और उपलब्धि दर्ज कराई।

दीपांशु यादव ने राव प्रहलाद सिंह इंटरनेशनल स्कूल, कोटपूतली-बहरोड़ में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-14 एथलेटिक्स मीट में 17 वर्ष आयुवर्ग की 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना स्थान भी सुनिश्चित कर लिया।

वहीं, वेदिका धाकड़ ने विद्यास्थली पब्लिक स्कूल, दौसा में आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अंडर-14 आयुवर्ग के 29 से 32 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का सम्मान बढ़ाया।

श्री माहेश्वरी समाज, कोटा के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सबसे सशक्त पाठशाला हैं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अनुशासन, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण को अपने जीवन का हिस्सा बना लेते हैं, सफलता स्वयं उनके कदम चूमती है। उन्होंने विश्वास जताया कि दीपांशु राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कोटा और राजस्थान का गौरव बढ़ाएंगे, जबकि वेदिका अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भविष्य में नई उपलब्धियां अर्जित करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनते हैं और समाज को यह संदेश देते हैं कि संकल्प, परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

विद्यालय के प्रशासक राजेन्द्र कुमार जैन ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। इस अवसर पर विद्यालय की उप प्राचार्या भक्ति निगम, प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की यह सफलता विद्यालय में खेल संस्कृति को मजबूती देने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर कोटा की उपस्थिति को भी और सशक्त करेगी।

Tags:    

Similar News