शिक्षा नगरी कोटा में शनिवार से ज्योतिष, वास्तु और प्राचीन भारतीय विधाओं का भव्य महाकुंभ शुरू होगा। अथर्वा आदित्य सेवा संस्थान के तत्वावधान में 8 और 9 अगस्त को गीता भवन में विशाल अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष एवं वास्तु सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लगभग 200 प्रतिष्ठित विद्वान और शोधकर्ता भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन शनिवार सुबह 10:30 बजे ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर और शहर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन करेंगे।

संस्था के अध्यक्ष आदित्य कुमार शास्त्री ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य लोगों को सही दिशा का मार्गदर्शन देना है, ताकि सटीक ज्योतिषीय और वास्तुीय परामर्श के माध्यम से उनके जीवन की दशा में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।

सम्मेलन के संयोजक आशीष दाधीच ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन कुल छह अलग-अलग सत्रों में संपन्न होगा। प्रत्येक सत्र में ज्योतिष, वास्तु, फलादेश के साथ चिकित्सा तथा अन्य विधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा और मार्गदर्शन प्रस्तुत किया जाएगा।

सम्मेलन में पारंपरिक ज्योतिष के साथ स्वास्थ्य और वैकल्पिक विधाओं का भी समावेश रहेगा। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित चिकित्सक और आयुर्वेद क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ अपनी सहभागिता निभाएंगे। टैरो कार्ड रीडर्स भी अपने विजन के माध्यम से लोगों को मार्गदर्शन देंगे। देश के नामी हस्तरेखा विशेषज्ञ हाथों की रेखाओं के आधार पर भाग्य का आकलन करेंगे। वहीं सम्मेलन का सबसे बड़ा आकर्षण अंगूठा विशेषज्ञ होंगे, जो केवल व्यक्ति के अंगूठे के निशान और उसकी बनावट के आधार पर उसका भविष्य बताने की क्षमता रखते हैं।

कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर्स, सीनियर सिटीजन और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) का विशेष सम्मान भी किया जाएगा। सम्मेलन की विशेषता यह रहेगी कि इसमें केवल ज्योतिष और विज्ञान से जुड़े विषयों पर चर्चा ही नहीं होगी, बल्कि सामाजिक सरोकारों के तहत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

अध्यक्ष आदित्य कुमार शास्त्री ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश की कई जानी-मानी और विश्वविख्यात हस्तियां कोटा पहुंच रही हैं। दिल्ली से विश्वविख्यात ज्योतिषाचार्य अनिल वत्सी, ज्योतिष जगत की प्रतिष्ठित हस्ती अजय भामी और अरुण कुमार बंसल विशेष रूप से शामिल होंगे। जयपुर से आचार्य जगदीश तिवारी और अक्षय शास्त्री सहित अन्य विद्वान भी अपने विचार और मार्गदर्शन प्रस्तुत करेंगे। दो दिवसीय यह सम्मेलन ज्योतिष, वास्तु, चिकित्सा और वैकल्पिक विधाओं से जुड़े विशेषज्ञों के विचार-विमर्श तथा सामाजिक सम्मान समारोहों के साथ संपन्न होगा।

Tags: