कोटा में 5 जुलाई को होगी 'स्मार्ट परिवार कार्यशाला-2026', पूज्य स्वस्तिभूषण माताजी देंगी संस्कारित परिवार का मार्गदर्शन

कोटा के तलवंडी में 5 जुलाई को 'स्मार्ट परिवार कार्यशाला-2026' आयोजित होगी, जिसमें पूज्य स्वस्तिभूषण माताजी के सान्निध्य में परिवार और संस्कारों पर मार्गदर्शन मिलेगा।

Update: 2026-07-04 10:42 GMT

कोटा में गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी का अभिवादन करते हुए श्रद्धालु।

कोटा में परम पूज्य भारत गौरव स्वस्ति धाम प्रणेत्री पूज्य गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी का शुक्रवार को विज्ञान नगर से विहार कर श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, तलवंडी में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। मार्ग में श्रद्धालुओं ने माताजी का पाद प्रक्षालन, आरती एवं वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अब माताजी आगामी समय तक तलवंडी में ही विराजमान रहेंगी।

मंगल प्रवेश के उपरांत आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए पूज्य गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी ने कहा कि परिवार में परस्पर प्रेम, संवाद, विश्वास और सामंजस्य ही सुखी जीवन तथा स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान भौतिकवादी दौर में पारिवारिक संबंधों में संवाद और संस्कारों का क्षरण चिंताजनक है। माता-पिता और बच्चों के बीच बढ़ती दूरी सामाजिक विघटन का कारण बन रही है। उन्होंने कहा कि केवल भौतिक उपलब्धियों को ही जीवन का लक्ष्य मानना अंततः व्यक्ति और समाज दोनों के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकता है।

माताजी ने कहा कि परिवारों को संस्कारवान, सशक्त और स्नेहपूर्ण बनाने के उद्देश्य से 5 जुलाई, रविवार को प्रातः 7:30 बजे श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, तलवंडी में 'स्मार्ट परिवार कार्यशाला-2026' का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता वर्तमान समय की पारिवारिक चुनौतियों, माता-पिता और बच्चों के बीच संवाद, संस्कार निर्माण तथा पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

सकल दिगंबर जैन समाज समिति, कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बज ने बताया कि कार्यशाला के मुख्य संयोजक जे.के. जैन बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके निर्देशन एवं पूज्य माताजी के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य समाज में सुदृढ़, संस्कारित एवं समरस परिवारों का निर्माण करना है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से इस आयोजन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

समिति के प्रचार मंत्री राजकुमार लुहाड़िया ने बताया कि कार्यशाला में 12 वर्ष से अधिक आयु के अविवाहित युवक-युवतियों तथा 55 वर्ष तक के अभिभावकों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रवेश पूर्व पंजीकरण (एंट्री फॉर्म) के माध्यम से होगा तथा कार्यशाला का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर समिति, तलवंडी एवं सकल दिगंबर जैन समाज समिति, कोटा के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस अवसर पर समाज के संरक्षक विमल जैन नांता, विनोद टोरड़ी, नरेश वेद, पारस सोगानी, मनोज जायसवाल, अनिल ठौरा, आशीष जायसवाल, राजेश आनंद, विमल वर्धमान, यतार्थ पाटनी, मनोज पाटनी सहित युवा शक्ति तलवंडी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। आगामी 5 जुलाई को आयोजित होने वाली 'स्मार्ट परिवार कार्यशाला-2026' के माध्यम से परिवारों में संवाद, संस्कार और सामंजस्य को सुदृढ़ करने पर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News