तस्वीर में कोटा गांडिव हाफ मैराथन के फिनिशिंग गेट पर एक धावक फिनिश लाइन पार करते हुए दिखाई दे रहा है।   

कोटा। रविवार को कोटा का उम्मेद सिंह स्टेडियम सैन्य अनुशासन, फिटनेस और सैन्य-नागरिक एकजुटता के संदेश का केंद्र बना, जब गांडिव डिवीजन के स्वर्ण जयंती समारोह के तहत कोटा गांडिव हाफ मैराथन-1.0 का आयोजन किया गया। कोटा मिलिट्री स्टेशन की ओर से आयोजित मैराथन में सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं और स्थानीय दौड़ समुदाय सहित 1500 से अधिक धावकों ने भाग लिया।

मैराथन में पांच वर्ष के बच्चों से लेकर 75 वर्ष के बुजुर्गों तक ने हिस्सा लिया। सेना के मेजर से लेकर सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर तक सैन्यकर्मियों और नागरिकों ने साथ दौड़ लगाई। आयोजन का मूल संदेश फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, धैर्य और टीम भावना से जुड़ा रहा।

प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए मेडिकल टीम तैनात रही और किसी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई। दौड़ पूरी करने के बाद पैरों में मोच, सूजन या अकड़न जैसी समस्या वाले धावकों के लिए फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

अंतरराष्ट्रीय धावक शाक्ति सिंह ने बताया कि मैराथन में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर दौड़ और 3 किलोमीटर फन रन आयोजित की गई। 21 और 10 किलोमीटर की दौड़ पुरुष एवं महिला वर्गों के लिए थी, जबकि 3 किलोमीटर फन रन में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

मैराथन का मार्ग महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम से अर्जुन गेट, हल्दीघाटी गेट, माला फाटक और आर्मी स्कूल होते हुए वापस उम्मेद सिंह स्टेडियम तक रहा।

21 किलोमीटर पुरुष वर्ग में परवीन पाटील प्रथम, अभिषेक द्वितीय और रोहित तृतीय रहे। महिला वर्ग में दीपा यादव ने पहला, अश्विन ने दूसरा और शीतल ने तीसरा स्थान हासिल किया। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में लॉरेंस प्रथम, विनोद पाटील द्वितीय और ओमकार माने तृतीय रहे। महिला वर्ग में राशी प्रथम, अंजली द्वितीय और अरुणा तृतीय स्थान पर रहीं।

धावक दिव्या जैन ने आयोजन को स्वास्थ्य और देशभक्ति को एक साथ जोड़ने वाला अनुभव बताया। उनके लिए सैन्य छावनी क्षेत्र में दौड़ना सामान्य दौड़ से अलग और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि गांडिव डिवीजन के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर कोटा में स्वास्थ्य के साथ देशभक्ति का संदेश दिया गया।

महिला वर्ग की विजेता दीपा यादव ने ऐसे आयोजनों में महिलाओं की अधिक भागीदारी की जरूरत बताई। उनका कहना था कि जब महिलाओं के लिए इस तरह के अवसर लगातार मिलेंगे तो वे फिटनेस और खेल के क्षेत्र में और आगे आएंगी।

धावक अश्विनी ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि दौड़ बेहद सुनियोजित तरीके से कराई गई। प्रतिभागियों को समय पर बैच और बिब मिले तथा मार्ग भी स्पष्ट रूप से चिन्हित था। पिंकी कपूर ने भी आयोजन में उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना की।

कोटा गांडिव हाफ मैराथन-1.0 में अलग-अलग आयु वर्ग के धावकों की भागीदारी के साथ सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने एक साथ दौड़ लगाई। आयोजन में फिटनेस, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सैन्य-नागरिक एकजुटता का संदेश सामने आया।

Tags: