तस्वीर में कोटा विश्वविद्यालय के पर्यटन विभाग के विद्यार्थी और संकाय सदस्य एक ऐतिहासिक मंदिर के प्रांगण में 'वर्ल्ड टूरिज्म डे' का बैनर थामे नजर आ रहे हैं।

कोटा। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर कोटा विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य विभाग की ओर से ‘एक्सप्लोर अवर ओन सिटी’ थीम पर हेरिटेज वॉक और एआई आधारित ट्रेजर हंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शहर की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य, संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराया गया।

विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनुकृति शर्मा ने बताया कि हेरिटेज वॉक के दौरान विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने ऐतिहासिक ‘छोटी समाधि’ शिव मंदिर का भ्रमण किया। पैन इंडिया स्तर के टूरिस्ट गाइड नितिन भटनागर ने विद्यार्थियों को स्थल के इतिहास, संबंधित महाराज के जीवन से जुड़े प्रसंगों और मंदिर की वास्तुकला की जानकारी दी। मंदिर में स्थापित सिंह की प्रतिमा और उसकी निर्माण शैली भी विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण रही।

प्रो. (डॉ.) अनुकृति शर्मा ने कहा कि पर्यटन शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को विरासत स्थलों से जोड़ना जरूरी है। इससे उन्हें पर्यटन एवं हेरिटेज मैनेजमेंट की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में डिजिटल तकनीक को पर्यटन से जोड़ते हुए एआई आधारित ट्रेजर हंट आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को पांच टीमों में बांटकर विरासत स्थल की संस्कृति पर सोशल मीडिया रील तैयार करने, नदियों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के सुझाव देने तथा भारतीय और विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क निर्धारित करने जैसी गतिविधियां कराई गईं।

प्रतियोगिता में टीम सी विजेता रही। टीम में प्रत्यक्ष शर्मा, दिव्यांशी गोचर, वैभव शर्मा, पवन विजय, आस्था भाटिया और शुभांगी वैष्णव शामिल रहे।

कार्यक्रम में डॉ. श्रुति अरोड़ा, डॉ. प्रिया सुढानी, दीपक खत्री, डॉ. विनीता शर्मा, डॉ. आशीष सूरी, एमटीटी की छात्रा सुषमा तथा टूरिस्ट गाइड नितिन भटनागर मौजूद रहे।

Tags: