दशहरा मेले में वन्यजीव संरक्षण की गूंज, स्काउट-गाइड ने निकाली जनजागरण रैली
स्काउट-गाइड और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली के जरिए आमजन को पर्यावरण संतुलन और प्रकृति रक्षा का संदेश दिया गया।
कोटा में बैनर और तख्तियां लेकर खड़े स्काउट-गाइड सदस्य जनजागरण रैली में दिखाई दे रहे हैं।
कोटा में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के संदेश के साथ दशहरा मेले में जनजागरण रैली निकाली गई। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा लि.-696 आर (कोटा-बारां) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली को मुख्य अतिथि स्काउट-गाइड जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न विद्यालयों एवं ओपन यूनिटों के स्काउट-गाइड, कब-बुलबुल तथा रोवर-रेंजर ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव, मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम, सरोजिनी नायडू ओपन गाइड कंपनी, चंद्रशेखर आजाद ओपन रोवर क्रू एवं लाल बहादुर शास्त्री ओपन स्काउट ट्रूप के प्रतिभागी सबसे पहले आवासन मंडल विद्यालय में एकत्रित हुए। यहां से सभी प्रतिभागी बसों के माध्यम से डॉल्फिन पार्क पहुंचे, जहां से जनजागरण रैली का शुभारंभ हुआ।
रैली दशहरा मेले के विभिन्न बाजारों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, प्रकृति की रक्षा और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। रैली के माध्यम से आमजन को बताया गया कि वन और वन्यजीव प्रकृति के अभिन्न अंग हैं तथा उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। रैली का समापन श्रीराम रंगमंच पर हुआ।
श्रीराम रंगमंच पर आयोजित कार्यक्रम में प्रकाश जायसवाल, अंतिमा मेहरा एवं योगिता महावर ने संबोधित करते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए वनों की रक्षा, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास का संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता आवश्यक है। बच्चों एवं युवाओं की ऐसे अभियानों में भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर यूनिट लीडर भारती महावर, रेखा योगी एवं पूजा महावर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। स्काउट-गाइड सदस्यों ने जनजागरण रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जनजागरण रैली की समाप्ति के बाद नगर निगम की ओर से उपमहापौर विवेक राजवंशी के नेतृत्व में बच्चों के लिए दशहरा मेले में मनोरंजन की व्यवस्था की गई। बच्चों ने मेले में झूलों, मौत के कुएं सहित विभिन्न आकर्षणों का आनंद लिया। इसके साथ ही उन्होंने सॉफ्टी, कचौरी, जलेबी एवं गुलाब जामुन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों का भी लुत्फ उठाया।
आयोजन में पूर्व छात्रा संघ अध्यक्ष प्रेरणा जायसवाल, पूर्व पार्षद भानु प्रताप सिंह, भूपेंद्र शर्मा, महेंद्र मेघवाल, सत्येंद्र बाबेरवाल, कीर्ति, खुशी सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
वन एवं वन्यजीव संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस जनजागरण रैली ने आमजन को प्रकृति और जीव-जंतुओं की रक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ बच्चों एवं युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का संदेश दिया।