कोटा के सुवि नेत्र चिकित्सालय में अतिथि और चिकित्सक जागरूकता पोस्टर दिखाते हुए।

कोटा में विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने मधुमेह से आंखों को होने वाले गंभीर नुकसान के प्रति आगाह किया। चिकित्सकों ने बताया कि डायबिटीज से पीड़ित लोगों में अंधेपन का खतरा मधुमेह रहित लोगों की तुलना में 25 गुना अधिक है। हालांकि, समय पर जांच और उचित उपचार से दृष्टि हानि के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

विश्व मधुमेह दिवस (14 नवंबर 2026) के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कोटा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कोटा एवं सुवि नेत्र चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में 13 नवंबर को चिकित्सालय के सभागार में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ यानी मधुमेह की समय पर पहचान और तुरंत उपचार रखी गई है। इसी संदेश के साथ अतिथियों एवं चिकित्सकों ने जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।

कार्यक्रम में सीआईएसएफ कोटा के उप कमांडेंट श्री टी. हाओकिप, आईएमए कोटा अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. जी.डी. रामचंदानी मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सुवि नेत्र चिकित्सालय के वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. सुरेश पाण्डेय, डॉ. विदुषी शर्मा, डॉ. एस.के. गुप्ता, डॉ. निपुण बागरेचा तथा रेटिना विशेषज्ञ डॉ. सायली (मुंबई) एवं डॉ. प्रियंका शरण (जोधपुर) ने मधुमेह और आंखों की सेहत से जुड़े खतरों पर जानकारी दी।

कार्यक्रम में बताया गया कि भारत में दस करोड़ दस लाख से अधिक लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि लगभग तेरह करोड़ साठ लाख भारतीय प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन के डायबिटीज एटलस 2025 के अनुसार, वर्ष 2024 में भारत के 20–79 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 43 प्रतिशत मधुमेह पीड़ितों की बीमारी का निदान नहीं हुआ था। वहीं, अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की जानकारी के अनुसार, मधुमेह से पीड़ित लोगों में अंधेपन का खतरा मधुमेह रहित लोगों की तुलना में 25 गुना अधिक है। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि बीमारी की शीघ्र पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार से दृष्टि खोने की आशंका को काफी कम किया जा सकता है।

श्री टी. हाओकिप एवं डॉ. दीपक गुप्ता ने तनाव प्रबंधन, पर्याप्त नींद और नियमित दिनचर्या को शुगर नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव और अनियमित जीवनशैली का असर रक्त शर्करा के नियंत्रण पर पड़ सकता है। वहीं, डॉ. जी.डी. रामचंदानी ने शारीरिक निष्क्रियता, बढ़ते मोटापे, मीठे पेय पदार्थों और अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के सेवन पर चिंता जताई। उन्होंने बच्चों और युवाओं में संतुलित एवं स्वस्थ भोजन तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों की आदत विकसित करने की अपील की।

सुवि नेत्र चिकित्सालय के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. सुरेश पाण्डेय ने बताया कि डायबिटिक रेटिनोपैथी यानी मधुमेह जनित रेटिना रोग शुरुआती अवस्था में बिना किसी लक्षण के बढ़ सकता है। ऐसे में आंखों से स्पष्ट दिखाई देना इस बात की गारंटी नहीं है कि रेटिना पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने बताया कि टाइप-2 मधुमेह का पता चलते ही पुतली फैलाकर रेटिना की विस्तृत जांच करानी चाहिए। इसके बाद सामान्यतः हर वर्ष जांच जरूरी होती है। अगली जांच का समय रेटिना की स्थिति और शुगर नियंत्रण के आधार पर नेत्र विशेषज्ञ तय करते हैं। बीमारी बढ़ने पर अधिक बार जांच कराना आवश्यक हो जाता है।

डॉ. विदुषी शर्मा ने कहा कि जिम्मेदारियों के बीच आंखों की जांच टालना नुकसानदायक साबित हो सकता है। रोशनी कम होने का इंतजार करने के बजाय नियमित जांच करानी चाहिए। परिवार के सदस्यों को भी मरीजों का सहयोग करते हुए उन्हें समय पर जांच कराने, नियमित दवाइयां लेने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों की आंखों की जांच में परिजनों की सक्रिय भागीदारी को भी जरूरी बताया।

डॉ. एस.के. गुप्ता ने बताया कि मधुमेह के कारण मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और रेटिना संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में केवल चश्मे का नंबर बदलवाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आंखों की संपूर्ण जांच और नियमित चिकित्सकीय देखरेख आवश्यक है।

रेटिना विशेषज्ञ डॉ. निपुण बागरेचा ने बताया कि रक्त में शुगर का स्तर बढ़ने से रेटिना की सूक्ष्म रक्त वाहिकाएं प्रभावित होती हैं। इसके कारण सूजन और रक्तस्राव जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर अवस्था में रेटिना पर खिंचाव पड़ने से पर्दा अलग होने जैसी जटिलताएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। बीमारी की स्थिति के अनुसार आंख में विशेष इंजेक्शन, लेजर अथवा सर्जरी के माध्यम से उपचार किया जाता है। उन्होंने आगाह किया कि एक बार खोई हुई दृष्टि हमेशा पूरी तरह वापस नहीं आती, इसलिए उपचार में देरी नहीं करनी चाहिए।

चिकित्सकों ने मधुमेह के साथ रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने, संतुलित आहार लेने, वजन प्रबंधन और नियमित रूप से दवाइयां लेने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य स्थिति और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार अधिकांश वयस्कों को सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि करने की सलाह दी। इसमें तेज चाल से पैदल चलना भी शामिल है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों से परिवार और समाज में मधुमेह तथा उससे होने वाली नेत्र संबंधी जटिलताओं के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई। विशेष रूप से माता-पिता और बुजुर्गों की नियमित नेत्र जांच में सहयोग करने का संदेश दिया गया, ताकि वे जीवनभर अपने परिजनों के चेहरे देख सकें। सभी ने समय पर जांच कराने और आंखों की रोशनी सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।

फोटो कैप्शन: विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में सुवि नेत्र चिकित्सालय के सभागार में आईएमए कोटा, सीआईएसएफ कोटा एवं सुवि के संयुक्त कार्यक्रम में जागरूकता पोस्टर का विमोचन करते अतिथि एवं चिकित्सक।

Tags: