तस्वीर में कोटा शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम नजर आ रही हैं।

कोटा, 05 अगस्त 2026। शहर जिला कांग्रेस कमेटी कोटा के तीन पदाधिकारियों द्वारा भेजे गए त्यागपत्रों को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने अपना बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि तीनों पदाधिकारियों ने आज एक ही भाषा में केवल पद एवं नाम बदलकर अपने-अपने इस्तीफे भेजे हैं।

राखी गौतम ने सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा कि इन पदाधिकारियों ने संगठन के हित में बिना पद के कार्य करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन पदाधिकारियों को शहर जिला कांग्रेस कमेटी में पदासीन करने का निर्णय प्रदेश कांग्रेस कमेटी का था। उन्होंने कहा कि इनको पदस्थापित करने की अनुशंसा किसके द्वारा की गई थी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

राखी गौतम ने बताया कि पदाधिकारियों द्वारा दिए गए त्यागपत्र की जानकारी प्रदेशाध्यक्ष को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अग्रिम कार्यवाही प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार निर्धारित होगी।

अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अनुशासन और संगठन की मर्यादा में विश्वास रखती है तथा सभी कार्यकर्ता मिलकर पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Tags: