दूसरों को पहुंचाया कष्ट लौटकर स्वयं को ही भोगना पड़ता है, कर्मों का फल टालना संभव नहीं : आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी
दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि मनुष्य को अपने कर्मों का फल स्वयं भोगना पड़ता है।
कोटा के दिगंबर जैन मंदिर में धर्मसभा को संबोधित करतीं आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी दिख रही हैं।
कोटा। मनुष्य अपनी खुशी और स्वार्थ के लिए दूसरों को नुकसान पहुंचाने से भी पीछे नहीं हटता, लेकिन वह भूल जाता है कि दूसरों को दिया गया कष्ट एक दिन लौटकर स्वयं को ही भोगना पड़ता है। विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्मों का फल स्वयं ही भोगना पड़ता है। इसलिए जीवन में सद्भावना, करुणा और सदाचार को अपनाना आवश्यक है।
माताजी ने कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य लगातार स्वार्थी होता जा रहा है। अपनी खुशी के लिए वह दूसरों को नुकसान पहुंचाने से भी नहीं हिचकता, जबकि उसे यह समझना चाहिए कि वह दूसरों के साथ जैसा व्यवहार करता है, वैसा ही परिणाम उसे भी भोगना पड़ता है। कर्मों का फल किसी दूसरे को नहीं, बल्कि संबंधित व्यक्ति को स्वयं ही भुगतना होता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जीव अपने जीवत्व भाव के कारण अस्तित्व में है। जीव अजर, अमर और अविनाशी है तथा उसे कोई समाप्त नहीं कर सकता। संयम और त्याग अपनाने के साथ मोह का परित्याग कर आत्मसाधना के मार्ग पर आगे बढ़ना ही पारिणामिक भाव की सार्थकता है। मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर आत्मकल्याण की दिशा में प्रयास करना चाहिए और अपने आत्मभाव को पहचानना चाहिए।
मंदिर समिति के अध्यक्ष राजमल पटौदी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन शांतिधारा के साथ हुआ, जिसे अरविंद ठोरा ने संपन्न कराया। दीप प्रज्वलन सकल समाज के संरक्षक विमल नांता, विनोद टोरडी एवं प्रकाश बज ने किया। सरिता एवं पारुल जैन ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन पीके हरसौरा ने किया।
मंदिर समिति के मंत्री पीके हरसोरा ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. जयंत कीर्ति ने हस्त मुद्राओं के माध्यम से शरीर को निरोगी रखने की विभिन्न कलाओं और उनके महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में 15 नवंबर को दोपहर 1 बजे शुभकामना परिवार का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होगा।