तस्वीर में पारंपरिक पोशाक पहने महिलाएं एक साथ बैठकर समूह चित्र में मुस्कुराती दिख रही हैं।

कोटा, 13 सितंबर। आरोग्य नगर विकास समिति महिला मंडल के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय टंकी वाले पार्क में भव्य फागोत्सव आयोजित किया गया। क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को भक्ति, उल्लास और फागुनी रंगों से सराबोर कर दिया।

महिला मंडल की अध्यक्ष सावित्री गुप्ता ने बताया कि फागोत्सव का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण के स्वरूपों के साथ होली खेलना रहा। महिलाओं ने प्राकृतिक फूलों की पंखुड़ियों और सुगंधित इत्र के साथ भक्तिभाव एवं हर्षोल्लास से होली खेली। फूलों की वर्षा और इत्र की महक के बीच टंकी वाले पार्क का वातावरण ब्रज की होली जैसा नजर आया।

महामंत्री ज्योति खुशलानी ने बताया कि इस अवसर पर महिलाओं के लिए सांस्कृतिक और नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। फाग के सुरीले गीतों और भजनों पर सीमा शर्मा, मुक्ति उपाध्याय, प्रमिला, मधु शर्मा, उमा शर्मा सहित उपस्थित सभी महिलाओं ने नृत्य किया। भक्ति और लोकगीतों की धुनों पर महिलाओं के थिरकते कदमों ने समारोह में उल्लास भर दिया।

कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से उपस्थित सभी सदस्याओं का आभार व्यक्त किया गया। फागोत्सव के आयोजन ने त्योहार की खुशियों के साथ समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश दिया। आरोग्य नगर निवासियों के लिए यह आयोजन स्मरणीय और आनंददायक रहा।

Tags: