पिता ने बेची जमीन, बेटों ने हासिल किया मुकाम: सोनू बनेगा डॉक्टर, मोनू इंजीनियर
बिहार के गयाजी में पिता ने बेटों की कोटा में पढ़ाई के लिए एक जमीन बेच दी। एलन से तैयारी करने वाले सोनू राज ने नीट-2026 में 636 अंक हासिल किए, जबकि मोनू राज ने जेईई-मेन में 93 पर्सेन्टाइल प्राप्त किए।
तस्वीर में गयाजी निवासी मनोज कुमार (बाएं), उनके बेटे सोनू राज (बीच में) और पत्नी रेशमी देवी (दाएं) नजर आ रहे हैं। अनाज मंडी में पल्लेदारी करने वाले पिता ने जमीन बेचकर बेटों को कोटा में पढ़ाया, जिसके बाद सोनू ने नीट और मोनू ने जेईई-मेन में सफलता प्राप्त की।
बिहार के गयाजी जिले के दो सगे भाइयों सोनू राज और मोनू राज ने आर्थिक तंगी और पारिवारिक चुनौतियों के बीच कोटा में रहकर सफलता की कहानी लिखी है। पिता ने बेटों की पढ़ाई के लिए अपनी एक जमीन तक बेच दी। अब सोनू डॉक्टर बनेगा, जबकि मोनू इंजीनियरिंग की पढ़ाई करेगा। दोनों भाइयों ने कोटा में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट से दो साल तक एक साथ तैयारी की और अपने माता-पिता के सपनों को साकार किया।
गयाजी निवासी मनोज कुमार अनाज मंडी में पल्लेदारी करने के साथ किसानों का अनाज कमीशन पर बिकवाने का काम करते हैं। उनकी पत्नी रेशमी देवी गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद दोनों बेटों ने पढ़ाई जारी रखी। बड़े बेटे सोनू राज ने नीट-2026 में 636 अंक प्राप्त कर एम्स सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में प्रवेश हासिल किया है। वहीं, छोटे बेटे मोनू राज ने जेईई-मेन में 93 पर्सेन्टाइल अंक प्राप्त कर गवर्नमेंट फंडेड इंस्टीट्यूट बिट्स मेसरा में केमिकल ब्रांच में प्रवेश लिया है।
दोनों भाइयों ने कोटा में दो साल तक साथ रहकर एलन से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। इस दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे का साथ देते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी। अब दोनों की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है।
पिता मनोज कुमार ने कहा कि उनकी मेहनत और त्याग का अच्छा परिणाम मिला है। कोटा में पढ़ाई कर सपने सच होते हैं, यह एक बार फिर साबित हुआ है। उन्होंने सभी शिक्षकों और कोटा शहरवासियों के प्रति आभार जताया।
मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलने के बाद सोनू राज ने कहा कि उन्होंने मेहनत की और माता-पिता का सपना पूरा करने के लिए दिन-रात पढ़ाई में जुटे रहे। दोनों भाइयों की सफलता पर उन्हें खुशी है। माता-पिता ने उनके लिए बहुत कुछ किया है और अब उनकी बारी है कि वे परिवार और समाज के लिए कुछ करें। सोनू ने कहा कि कोटा का पढ़ाई का माहौल उनकी सफलता में अहम रहा।
एलन के फाउंडर डॉ. नवीन माहेश्वरी ने कहा कि संस्थान का ध्येय प्रतिभाओं को उनका मुकाम हासिल करवाना है। इसके लिए संस्थान की ओर से हरसंभव मदद की जाती है। कोटा और एलन आकर विद्यार्थी जब अपनी मंजिल प्राप्त करते हैं तो यह सामाजिक बदलाव का उदाहरण बनता है और दूसरे विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मोनू राज ने बताया कि उनके पिता मनोज कुमार धान मंडी में पल्लेदारी करने के साथ किसानों की फसल कमीशन के आधार पर बिकवाने का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। घर चलाने के लिए पिता ने मनरेगा में मजदूरी भी की। मां रेशमी देवी गृहिणी हैं और पूरे परिवार का संबल बनी रहीं।
मोनू ने बताया कि उसने 10वीं कक्षा में 96 प्रतिशत और 12वीं कक्षा में 84.5 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। गयाजी के कई विद्यार्थियों को कोटा जाकर जेईई और नीट की तैयारी करते हुए डॉक्टर और इंजीनियर बनते देखा तो उसके मन में भी बड़े सपने जागे। उसने उन विद्यार्थियों से कोटा में पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और एलन में प्रवेश लेकर तैयारी शुरू कर दी।
मोनू के कोटा जाकर पढ़ाई करने के फैसले के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती पैसों की व्यवस्था करना था। परिवार के पास दो जमीनें थीं, जिन पर खाने लायक अनाज पैदा होता था। कुछ फसल बेचकर मिलने वाली रकम से किसी तरह घर का खर्च चलता था। बेटे के सपने को पूरा करने के लिए पिता मनोज कुमार ने अपनी दोनों जमीनों में से एक बेच दी और उसे पढ़ाई के लिए कोटा भेजा।
कोटा में पढ़ाई के दौरान मोनू को कई स्वास्थ्य समस्याओं से भी जूझना पड़ा। नए वातावरण और मौसम के कारण उसे पहले टायफाइड हुआ। इसके बाद वह पीलिया की चपेट में आ गया। कई बार उसकी हार्ट बीट असामान्य रूप से तेज हो जाती थी। करीब तीन महीने तक उसे लगातार बुखार भी रहा। इन परेशानियों के बावजूद मोनू ने हार नहीं मानी। उसने नियमित रूप से कक्षाओं में हिस्सा लिया और अपनी तैयारी जारी रखी।
मनरेगा में मजदूरी और अनाज मंडी में पल्लेदारी कर परिवार चलाने वाले पिता के त्याग, मां के सहयोग और दोनों भाइयों की मेहनत ने इस परिवार के सामने शिक्षा के जरिए आगे बढ़ने का नया रास्ता खोला है। अब सोनू चिकित्सा के क्षेत्र में और मोनू इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाएगा।