कोटा के तलवंडी जैन मंदिर में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के पदाधिकारी परिचय सम्मेलन के पोस्टर दिखाते हुए।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की ओर से अंतरराष्ट्रीय जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन 27 दिसंबर को इंदौर में किया जाएगा। ‘समाज की बेटी समाज में’ की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई है। सम्मेलन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर कोटा रीजन के सभी सोशल ग्रुपों के पदाधिकारियों की बैठक तलवंडी जैन मंदिर सभागार में आयोजित की गई।

राजस्थान रीजन कोटा के अध्यक्ष अनिल ठौरा ने बताया कि दिगंबर जैन समाज की सक्रिय संस्था दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन अपनी 33 वर्षों की सामाजिक सक्रियता और सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी सम्मेलन आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को योग्य जीवनसाथी के चयन के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।

राष्ट्रीय प्रभारी जेके जैन ने कहा कि ‘समाज की बेटी समाज में’ की भावना के साथ फेडरेशन लंबे समय से परिचय सम्मेलन आयोजित करता आ रहा है। सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक युवक-युवतियों के आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर तय की गई है। प्रत्येक आवेदन के साथ 900 रुपये पंजीयन शुल्क जमा कराना होगा। इस आयोजन के लिए कोटा से पीयूष जैन को राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में फेडरेशन के अतिरिक्त महासचिव उमेश अजमेरा ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन 3 जनवरी को जबलपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्रुपों के सदस्यों से अधिवेशन में सहभागिता करने का आह्वान किया। अधिवेशन के दौरान वर्षभर की सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रुपों और सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर संयुक्त महासचिव राकेश पाटौदी, तलवंडी जैन मंदिर अध्यक्ष अशोक पहाड़िया एवं अशोक जैन जोरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में कोटा रीजन के सभी ग्रुपों के पदाधिकारियों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन को सफल एवं भव्य बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

Tags: