झालावाड़ के गांधी भवन में जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौजूद कांग्रेस नेता।   

झालावाड़ में जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ तथा देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेन्स आयोजित की गई। जिला कांग्रेस संगठन के महासचिव राजेन्द्र शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स को सम्बोधित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपियों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि एस.आई.आर. में देश की मतदाता सूचियों में से लाखों की संख्या में मतदाता हटाये गये। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुए शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग प्रेस कॉन्फ्रेन्स के माध्यम से की।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर चुनाव आयोग कार्यालय तथा संसद तक आवाज उठायेगी। इस अभियान को ब्लॉक स्तर और बूथ स्तर तक ले जाया जायेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डों और घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेन्स में जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष डॉ. नन्दसिंह राठौड़, जिला कांग्रेस प्रवक्ता ओम पाठक, जिला कांग्रेस सचिव नफीस शेख और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता भगवतीप्रकाश मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेन्स के माध्यम से कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग को आगे बढ़ाने की बात कही।

Tags: