जयपुर में पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण की रवानगी, 22 अक्टूबर को मतदान
जयपुर के 8 ब्लॉक की 146 पंचायत समितियों और 22 जिला परिषद वार्डों में 7.43 लाख मतदाता ईवीएम से करेंगे मतदान।
जयपुर में पंचायती राज चुनाव के मतदान से पूर्व सामग्री लेते मतदान कर्मी।
जयपुर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए बुधवार, 21 अक्टूबर को श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर से मतदान दलों को ईवीएम, बैलेट पेपर और निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान से पहले प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद दलों ने चुनाव सामग्री हासिल की और अपने-अपने केंद्रों की ओर प्रस्थान किया। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। प्रथम चरण में चौमूं, दूदू, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, मौजमाबाद और सांभर पंचायत समितियों के 146 वार्डों तथा जिला परिषद के 22 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए कुल 797 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
इन क्षेत्रों में प्रथम चरण के दौरान कुल 7 लाख 43 हजार 640 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 3 लाख 84 हजार 195 पुरुष और 3 लाख 59 हजार 445 महिला मतदाता शामिल हैं। जिला परिषद और संबंधित पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए गुरुवार, 22 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ईवीएम के माध्यम से मतदान होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में तैनात मतदान दलों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में पांच दिन और चार रात रहकर निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करना होगा। 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए ईवीएम से मतदान संपन्न होने के बाद शुक्रवार, 23 अक्टूबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके बाद शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए बैलेट पेपर से मतदान होगा। रविवार, 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
इस तरह मतदान दलों को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम तथा ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव में बैलेट पेपर के जरिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी। अलग-अलग चरणों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने मतदान दलों की रवानगी और आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रक्रिया पूरी की है।
पंचायतीराज आम चुनाव से संबंधित परिवेदनाओं और शिकायतों के लिए आमजन निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री नारायण सिंह से सर्किट हाउस, जयपुर में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन नियंत्रण कक्ष, कमरा नंबर 116, कलेक्ट्रेट जयपुर में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतों के लिए दूरभाष संख्या 0141-2992564 भी निर्धारित की गई है।