उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी जयपुर के पर्यटन भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करती हुई।

राजस्थान में पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। शुक्रवार को जयपुर स्थित पर्यटन भवन में आयोजित बैठक में आगामी आयोजनों, बजट घोषणाओं, पर्यटन सुविधाओं, विरासत संरक्षण और नई नीतियों के क्रियान्वयन पर मंथन किया गया। बैठक में लोक मंथन-2026 के लिए ₹20 करोड़ की स्वीकृति, शेखावाटी हेरिटेज मीट और पर्यटन विकास की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति प्रमुख मुद्दे रहे।

उप मुख्यमंत्री तथा पर्यटन, कला एवं संस्कृति और पुरातत्व मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी और पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पिछली बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई और आगामी बजट के लिए प्रस्तावित नई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बताया कि पर्यटन, कला एवं संस्कृति, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग तथा ADMA के अधिकारियों के साथ बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रदेश में पर्यटन विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रकल्पों एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए सभी परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सुविधाजनक और अविस्मरणीय अनुभव मिले तथा प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुए, यही सरकार का संकल्प है।

आगामी आयोजनों की समीक्षा के दौरान लोक मंथन-2026 के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया। यह आयोजन 3 से 6 दिसंबर 2026 तक जयपुर के जवाहर कला केंद्र में होगा। इसके लिए ₹20 करोड़ की स्वीकृति जारी की जा चुकी है और पर्यटन विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।

वहीं, शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण को लेकर 8 दिसंबर 2026 को झुंझुनू जिले के खेतड़ी स्थित होटल अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री शामिल होंगे। आयोजन के दौरान शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण पर चर्चा के साथ नई योजनाओं के लॉन्च का प्रस्ताव है।

10 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस में भी पर्यटन से जुड़े विषयों पर विशेष सत्र होगा। 'राजस्थान@2047: विरासत, नवाचार और वैश्विक अवसर' विषय पर प्रस्तावित इस सत्र में AI के उपयोग और लग्जरी पर्यटन पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए White Paper भी तैयार किया गया है।

सांस्कृतिक आयोजनों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जोधपुर और कोटा में संभाग स्तरीय लोक नृत्य उत्सव आयोजित किए जा चुके हैं। शेष संभागों में सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने के समारोहों के दौरान इन उत्सवों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा वर्ष 2027 में जयपुर स्थापना के 300 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 'गोविंद देव जी कला महोत्सव' आयोजित करने की कार्य योजना तैयार की जा रही है।

नई पर्यटन नीतियों और योजनाओं की समीक्षा में राजस्थान ग्रामीण होमस्टे (पेइंग गेस्ट हाउस) सब्सिडी योजना, 2026 प्रमुख रही। इसका ड्राफ्ट वित्त विभाग के पास विचाराधीन है। संशोधित ड्राफ्ट में कैपिटल सब्सिडी हटाकर ब्याज सब्सिडी देने, 7 वर्षों तक 75% SGST प्रतिपूर्ति करने और बिजली-पानी की दरें घरेलू श्रेणी के अनुसार रखने का प्रस्ताव शामिल किया गया है।

इसी तरह शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना, 2026 का प्रारूप तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए वित्त विभाग को भेजा गया है। एडवेंचर टूरिज्म पॉलिसी को लेकर हितधारकों के साथ प्रारंभिक बैठक हो चुकी है। इस नीति के लिए वेबसाइट और सोशल मीडिया के माध्यम से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन योजना 2025 के तहत अब तक 4 फिल्मों को सब्सिडी जारी की जा चुकी है।

अवसंरचना और विकास परियोजनाओं की समीक्षा में कुल 67 बजट घोषणाओं की स्थिति सामने रखी गई। इनमें से 10 घोषणाओं से जुड़े कार्य पूरे हो चुके हैं, 33 प्रगतिरत हैं, 8 के लिए स्वीकृति जारी हो चुकी है, जबकि 15 के प्रस्ताव प्रारंभिक चरण में हैं।

जयपुर में SASCI परियोजनाओं की प्रगति के अनुसार आमेर-नाहरगढ़ क्षेत्र में 87% कार्य पूर्ण हो चुका है। यहां कुल 10 में से 5 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। आमेर में साउंड एंड लाइट शो शुरू करने के लिए 13 नवंबर 2026 को अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। वहीं, गैटोर की छतरियों का 95% कार्य पूरा हो चुका है।

स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत भी विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर विकास कार्य जारी हैं। बीकानेर स्थित करणी माता में 70%, सीकर के खाटू श्यामजी में 45%, भीलवाड़ा के मालासेरी डूंगरी में 35% और बूंदी के केशोरायपाटन में 30% कार्य पूर्ण हो चुका है।

अन्य प्रमुख परियोजनाओं में PRASAD योजना के तहत कोटा के बुढ़ादीत स्थित सूर्य मंदिर को चिन्हित किया गया है। कृष्ण गमन पथ और झुंझुनू वॉर म्यूजियम की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम प्रगतिरत है। जयपुर में प्रस्तावित MICE सेंटर के लिए विद्याधर नगर में आवंटित भूमि को लेकर JDA और पर्यटन विभाग के बीच समन्वय जारी है।

बैठक में राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) के होटलों में सुधार और उनके संचालन को लेकर PPP मॉडल पर भी चर्चा हुई। योजना के प्रथम चरण में 4 होटलों को लीज पर देने का प्रस्ताव है। इनमें सवाई माधोपुर का होटल विनायक, अलवर का होटल मीनल, बूंदी का होटल वृंदावती और फतेहपुर का होटल हवेली शामिल हैं। इन होटलों को लीज पर देने की प्रक्रिया के लिए PDCOR को ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने का प्रस्ताव वित्त विभाग की मंजूरी के लिए भेजा गया है।

पर्यटन के प्रचार-प्रसार को लेकर ओगिल्वी (Ogilvy) की ओर से तैयार की गई 7 प्रमोशनल फिल्मों के फाइनल कॉन्सेप्ट अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए गए। बैठक में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, सांस्कृतिक आयोजनों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इन पहलों के माध्यम से राजस्थान के पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने और पर्यटकों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया।

Tags: